खुदकुशी से पहले की रात क्या बोले थे कुशल पंजाबी, एक्टर के पिता ने अब तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली। एक्टर कुशल पंजाबी ने 27 दिसंबर को आत्महत्या कर ली थी। उनके खुदकुशी करने की बात ने ना सिर्फ साथी कलाकारों को परेशान किया बल्कि फैंस का भी दिल तोड़ दिया। कुशल ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसको लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। अब उनके पिता ने जो बताया है वो थोड़ा चौंकाने वाला है। कुशल पंजाबी के पिता ने बताया है कि उसके आत्महत्या से एक रात पहले ही वो उससे मिले थे।

परेशान नहीं लग रहा था कुशल
एक वेबसाइट से बात करते हुए कुशल के पिता ने कहा, वो खुदकुशी जैसा कोई कदम उठा लेगा, हमारे ख्वाब तक में ये बात नहीं थी। आत्महत्या से एक रात पहले ही मैं उससे मिला था, वो बिल्कुल ठीक था। उसका स्वभाव भी कुछ अलग नहीं लगा। हम काफी देर तक साथ बैठे रहे। साथ ही में हम दोनों ने डिनर किया और ड्रिंक भी किया।

क्या हुई थी बातचीत
कुशल और अपने बीच बातचीत पर उन्होंने कहा, हमारे बीच ऐसे ही आम बातें हुईं जैसे कि एक बाप-बेटे की बीच होती है। ऐसी कोई खास बातचीत नहीं हुई क्योंकि कोई ऐसा टॉपिक भी नहीं था कि कोई गंभीर बात होती।
कुशल के पिता ने बताया, वो सर्किट रेस के दौरान घायल हो गया था जिसके चलते कंधे की सर्जरी होनी थी और इसमें उसे कुछ समय तक अपने कंधे को बिल्कुल भी नहीं हिलाना था। तो मैंने उसकी तबीयत को लेकर भी पूछा तो उसने कहा कि वो ठीक है।

फ्लैट में मृत मिले थे कुशल
27 दिसंबर को कुशल अपने फ्लैट में मृत मिले थे। कुशल के करीबी दोस्त चेतन हंसराज से मिलने पहुंचे थे। फ्लैट का दरवाजा नहीं खुलने और ना ही कुशल से संपर्क होने पर चाबीवाले से ताला खुलवाया गया था। फ्लैट के भीतर कुशल फंदे पर लटकते मिले थे।
कुशाल की मौत के बाद कई बातें सामने आई थीं। इसमें कुशल की शादीशुदा जिंदगी में परेशानियां होने और उनकी पत्नी के अलग रहने की भी बात थी। कुशल की मौत पर बॉलीवुड और टीवी की दुनिया से जुड़े लोगों ने गम का इजहार किया है।












Click it and Unblock the Notifications