‘अपने जोखिम पर आइए’, CM रेखा गुप्ता के बयान पर Kunal Kamra का करारा जवाब, कहा– 'दिल्ली टूरिज़्म की टैगलाइन'
Kunal Kamra om Delhi CM: अक्सर अपने व्यंग्य और राजनीतिक कटाक्षों के चलते सुर्खियों में रहने वाले स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर चर्चा में हैं। इक बार मामला महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को लेकर उनके 'गद्दार' वाले बयान से शुरू हुआ और अब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयान से और गर्मा गया है।
जहां रेखा गुप्ता ने कहा कि कामरा "अपने जोखिम पर दिल्ली में परफॉर्म कर सकते हैं", वहीं कामरा ने भी इस बयान पर तीखा व्यंग्य करते हुए कहा कि "अपने जोखिम पर आइए" दिल्ली पर्यटन की टैगलाइन होनी चाहिए।

कामरा का पलटवार: "ये टैगलाइन बना दीजिए"
रेखा गुप्ता के इस बयान पर कामरा ने सोशल मीडिया पर कटाक्ष करते हुए X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,"'अपने जोखिम पर आइए' दिल्ली पर्यटन की टैगलाइन होनी चाहिए।" यह टिप्पणी अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है और इसमें स्पष्ट रूप से अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और राजनीतिक सहिष्णुता को लेकर तंज छिपा है।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने क्या कहा था?
इंडियन एक्सप्रेस द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से जब पूछा गया कि क्या वे कुणाल कामरा जैसे कॉमेडियनों को राजधानी में प्रदर्शन की इजाज़त देंगी, तो उन्होंने कहा, "वो अपने जोखिम पर आ सकते हैं। दिल्ली के लोग उन्हें सुनेंगे।"
जब इस बयान पर उनसे पूछा गया कि एक मुख्यमंत्री से उम्मीद की जाती है कि वह सुरक्षा की गारंटी दे, तो उन्होंने बात संभालते हुए कहा, "ठीक है, आप आइए, मैं आपका स्वागत करूंगी।"
कैसे शुरू हुआ था कुुणाल कामरा पर विवाद?
कामरा का यह नया विवाद उनके यूट्यूब शो 'नया भारत' से जुड़ा है, जिसे फरवरी 2024 में रिकॉर्ड किया गया और 23 मार्च को उनके यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया। इस शो में उन्होंने एक लोकप्रिय हिंदी गाने को नया रूप देते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर परोक्ष रूप से हमला बोला और उन्हें "गद्दार" कहा।
यह टिप्पणी 2022 में महाराष्ट्र की राजनीतिक उठापटक की ओर संकेत करती है, जब शिंदे ने उद्धव ठाकरे की सरकार गिराकर बीजेपी के साथ मिलकर नई सरकार बनाई थी।
शिवसेना की नाराज़गी और तोड़फोड़
शिंदे गुट की शिवसेना ने कामरा की इस टिप्पणी को आपत्तिजनक बताया और बिना शर्त माफ़ी की मांग की। बात सिर्फ नाराज़गी तक ही सीमित नहीं रही-युवा सेना, शिवसेना की युवा इकाई ने मुंबई के 'हैबिटैट' कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ कर दी, जहाँ यह कार्यक्रम शूट किया गया था। मुंबई पुलिस के अनुसार, कामरा के खिलाफ खार पुलिस स्टेशन में तीन अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई हैं।
इनमें से एक शिकायत जलगांव की मेयर, और दो अन्य नासिक के एक होटल व्यवसायी और एक कारोबारी ने दर्ज कराई हैं। हालाँकि कामरा ने अब तक माफी नहीं मांगी है, लेकिन उन्होंने जांच में सहयोग देने की इच्छा ज़ाहिर की है। उनका कहना है कि उन्होंने जो कहा, वह व्यंग्य के दायरे में आता है और उसे एक कलाकार की अभिव्यक्ति के रूप में देखा जाना चाहिए।
कुणाल कामरा का विवादों से रहा गहरा नाता
कुणाल कामरा इससे पहले भी बीजेपी और केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना को लेकर विवादों में रहे हैं। उन्होंने 2019 और 2024 में कन्हैया कुमार की चुनावी क्राउडफंडिंग में आर्थिक योगदान दिया था। कन्हैया उस समय कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में दिल्ली उत्तर-पूर्व सीट से बीजेपी के मनोज तिवारी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे।
कुणाल कामरा का मामला अब सिर्फ एक कॉमेडी शो का विवाद नहीं रहा।
यह एक बड़ा सवाल बन चुका है - क्या भारत में कलाकारों को राजनीतिक कटाक्ष करने की आज़ादी है या नहीं? जहाँ एक ओर कामरा के समर्थक इसे सत्ता के खिलाफ आवाज़ उठाने की हिम्मत मानते हैं, वहीं विरोधी इसे जानबूझकर उकसाने वाला एजेंडा बता रहे हैं। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि कामरा इस विवाद से किस दिशा में आगे बढ़ते हैं - और देश की राजनीतिक संस्कृति इस बहस से क्या सबक लेती है।












Click it and Unblock the Notifications