बीआरएस पहले की ही तरह लोगों के बीच लोकप्रिय है: केटी रामाराव
लोकसभा चुनाव को महज कुछ महीने ही बचे हैं, ऐसे में सभी दल अपनी रणनीति को तैयार करने में जुट गए हैं। तेलंगाना के गठन के बाद से ही यहां बीआरएस की सरकार थी। लेकिन हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में यहां सत्ता परिवर्तन हुआ और कांग्रेस पार्टी की सरकार यहां बनी है।
लेकिन बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने कहा है कि पिछले चुनाव में हमारी पार्टी कुछ वोटों के अंतर से चुनाव हारी है। कांग्रेस पार्टी को सिर्फ 4 लाख अधिक वोट मिले हैं। उन्होंने कहा कि अगर बीआरएस 7 या 8 सीट और जीत जाती तो प्रदेश में त्रिशंकु विधानसभा होती।

केटी रामा राव ने कहा कि बीआरएस को 14 सीटों पर बहुत ही कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। मलकाजगिरी लोकसभा सीट पर चुनावी तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे केटी रामा राव ने कहा कि यहां पर पिछले लोकसभा चुनाव में बीआरएस को बहुत मामूली अंतर से हार मिली थी। लेकिन इस बार पार्टी के शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर हम यहां पर जीत दर्ज करेंगे।
रामा राव ने कहा कि कांग्रेस लोगों से झूठा वादा करके सत्ता में आई है, ये लोग अपने 200 यूनिट फ्री बिजली का वादा अभी तक पूरा नहीं कर पाए हैं। इन लोगों ने चुनाव में वादा किया था कि वो घरेलू ग्राहकों को 200 यूनिट फ्री बिजली देंगे। चुनाव से पहले कांग्रेस नेता कोमातिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने कहा था कि हमारी सरकार आने के बाद लोगों को बिजली का बिल देने की जरूरत नहीं है। ऐसे में जब मैं लोगों से कहता हूं कि आपको बिजली का बिल देने की जरूरत नहीं है तो कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मैं विनाशकरी मानसिकता का व्यक्ति हूं।
रामा राव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं ने यहां तक कहा था कि सोनिया गांधी लोगों के बिजली का बिल भरेंगे। ऐसे में हम सभी लोगों को बिजली का बिल सोनिया गांधी को भेजना चाहिए। बीआरएस ने लोगों को ऑनलाइन राशन कार्ड मुहैया कराया था। यही वजह है कि बीआरएस पर इस तरह के आरोप नहीं लग रहे हैं कि हमने नए राशन कार्ड नहीं दिए।












Click it and Unblock the Notifications