Kolkata में हुए 20 साल की युवती से दरिंदगी मामले में खुलासे से राजनीति तेज, आरोपी का इस पार्टी से संबंध?
Kolkata Gang Rape Case: कोलकाता के रीजेंट पार्क इलाके में 20 साल की युवती के साथ हुए गैंगरेप मामले ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में तूफ़ान खड़ा कर दिया है। घटना 5 सितंबर की है, लेकिन पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि इस वारदात में शामिल युवक तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़ा हुआ है।
बीजेपी ने दावा किया कि आरोपी की तस्वीरें TMC नेताओं और मंत्रियों के साथ हैं और इसी वजह से पुलिस कार्रवाई से बच रही है। इस मामले को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर विपक्ष हमलावर हो गया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

Kolkata Gang Rape: जन्मदिन पर दरिंदगी
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता हरिदेवपुर इलाके की रहने वाली है और उसकी पहचान दोनों आरोपियों चंदन और दीप से पहले से थी। चंदन ने उसे जन्मदिन मनाने के बहाने दीप के घर बुलाया। वहां खाना खाने के बाद जब लड़की ने लौटने की इच्छा जताई, तो आरोपियों ने उसे रोककर कमरे में बंद कर दिया और गैंगरेप किया। अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे पीड़िता किसी तरह घर से भागने में सफल हुई और परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद केस दर्ज कराया गया।
TMC कनेक्शन पर BJP का वार
इस घटना ने राजनीतिक रंग तब ले लिया जब बीजेपी नेता केया घोष ने आरोप लगाया कि चंदन तृणमूल कांग्रेस से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि, 'ममता सरकार की माँ, माटी, मानुष की नीति का असली चेहरा बलात्कारियों को नौकरी देना है।' घोष का यह भी दावा है कि आरोपी की कई तस्वीरें TMC के मंत्रियों और विधायकों के साथ मौजूद हैं। बीजेपी का आरोप है कि इसी वजह से पुलिस कार्रवाई से बच रही है और आरोपी खुलेआम घूम रहे थे।
पूजा समिति से पहचान
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात चंदन से हुई थी। चंदन ने खुद को दक्षिण कोलकाता की एक बड़ी दुर्गा पूजा समिति का प्रमुख बताया था। उसी के जरिए उसकी मुलाकात दीप से हुई थी। दोनों ने उसे पूजा समिति में शामिल करने का झांसा दिया और उसके साथ नजदीकी बढ़ाई।
राजनीतिक संग्राम जारी
यह घटना ममता सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। बीजेपी लगातार ममता बनर्जी पर हमलावर है और आरोप लगा रही है कि राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। वहीं, पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। आने वाले दिनों में यह मामला पश्चिम बंगाल की सियासत में और बड़ा मुद्दा बन सकता है।
ये भी पढ़ें Bangladeshi Actress: 2 फर्जी आधार और वोटर कार्ड के साथ अरेस्ट हुई बांग्लादेशी एक्ट्रेस, कैसे खुली पोल?
पुलिस की कार्रवाई और जनता का गुस्सा
पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है। रीजेंट पार्क थाने में दर्ज FIR के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है। इस बीच, इस घटना ने कोलकाता में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर लोग ममता सरकार और कोलकाता पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। कई यूजर्स ने इस घटना को RG Kar मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस से जोड़ा, जिसने पहले भी राज्य में हंगामा मचाया था।












Click it and Unblock the Notifications