कोलकाता मेट्रो: पीएम मोदी शुक्रवार को करेंगे उद्घाटन, पर्पल लाइन की पूरी डिटेल देखिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कोलकाता में हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की शुरुआत कर रहे हैं। इसमें कोलकाता मेट्रो की पर्पल लाइन सेवा और हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल कोलकाता में कई विकास परियोजनाओं को लॉन्च करने वाले हैं। इसमें एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन से लेकर कोलकाता मेट्रो की तीसरी पर्पल लाइन की सेवाएं भी शामिल है। पीएम मोदी पर्पल लाइन के सिर्फ एक फेज का उद्घाटन करने जा रहे हैं, जिसमें 6 स्टेशन हैं। बाकी हिस्से पर काम चल रहा है। गौरतलब है कि देश में कोलकाता से ही मेट्रो ट्रेनों की शुरुआत हुई थी और दूसरे शहरों में पहुंचने में इसमें करीब डेढ़ दशक से भी ज्यादा वक्त लग गए। अभी कोलकाता में मेट्रो की दो रूट संचालन में हैं और तीसरी कल से शुरू होने जा रही है।

कोलकाता मेट्रो की पर्पल लाइन का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कोलकाता मेट्रो की पर्पल लाइन का उद्घाटन करने वाले हैं। यह उद्घाटन जोका-एस्पलानेड मेट्रो प्रोजेक्ट का जोका-ताराताला वाला हिस्सा है। 6.5 किलोमीटर के इस गलियारे में 6 मेट्रो स्टेशन हैं- जोका, ठाकुरपुकुर, साखर बाजार, बेहाला चौरास्ता, बेहाला बाजार और ताराताला। कोलकाता मेट्रो के इस सेक्शन के निर्माण पर 2,475 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत आई है। इस मेट्रो लाइन के चालू होने से कोलकाता महानगर के दक्षिणी हिस्सों जैसे कि सरसुना, डाकघर, मुछिपारा और दक्षिण 24 परगना इलाकों के लोगों को काफी राहत मिलेगी।

6.5 किलोमीटर की कॉरिडोर में संचालन शुरू होगा
कोलकाता मेट्रो पर्पल लाइन की 6.5 किलोमीटर के इस सेक्शन के लिए ट्रायल रन मध्य-सितंबर से ही चल रही है। जबकि, नवंबर में कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी से भी इसे अनिवार्य मंजूरी मिल चुकी है। इस लाइन के दूसरे हिस्से के लिए काम चल ही रहा है। जब यह लाइन पूरी तरह से चालू हो जाएगी तो यह यह शहर के केंद्र एस्पलानेड को दक्षिण-पश्चिम उपनगरीय इलाकों से भी जोड़ देगी। प्रोजेक्ट के मुताबिक एस्पलानेड बहुत ही महत्वपूर्ण मेट्रो स्टेशन होने वाला है, जहां जोका लाइन नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर और ईस्ट-वेस्ट मेट्रो से जुड़ेगी।

कोलकाता से ही शुरू हुई थी मेट्रो सेवा
मौजूदा समय में कोलकाता में मेट्रो सेवा दो रूट पर उपलब्ध है- दक्षिणेश्वर और कवि सुभाष के बीच नॉर्थ-साउथ लाइन और सियालदह और साल्ट लेक सेक्टर के बीच ईस्ट-वेस्ट लाइन। गौरतलब है कि कोलकाता देश का पहला ऐसा महानगर है, जहां भारतीय रेलवे के अधीन मेट्रो सेवा की शुरुआत 1984 में ही हो चुकी थी। अभी शहर में संचालित दोनों लाइनें करीब 38 किलोमीटर की दूरी कवर कर रही हैं।

हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री मोदी कोलकाता में पर्पल लाइन मेट्रो की शुरुआत करने के साथ ही हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशनों के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन दोनों तरफ से मालदा टाउन, बारसोई और किशनगंज रेलवे स्टेशनों पर रुकेंगी। इनके अलावा प्रधानमंत्री रेलवे के चार प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें बोइंछी-शक्तिगढ़ तीसरी लाइन (405 करोड़ की लागत), दनकुनी-चंदनपुर चौथी लाइन प्रोजेक्ट (565 करोड़ रुपए की लागत), निमतिता-न्यू फरक्का डबल लाइन (254 करोड़ रुपए) और अंबरी फलाकाता-न्यू मयनागुड़ी-गुमानीहाट डबलिंग प्रोजेक्ट (1080 करोड़) शामिल हैं।

हजारों करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की शुरुआत
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट की भी आधारशिला रखेंगे, जिसपर 335 करोड़ रुपए की लागत आने का अनुमान है। इनके अलावा प्रधानमंत्री कोलकाता में हजारों करोड़ रुपए की कई और विकास परियोजनाओं की शुरुआत या उनकी आधारशिला रखने जा रहे हैं। इसमें डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वाटर एंड सैनिटेशन जैसे प्रोजेक्ट भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications