Pragati Maidan Tunnel: 'जैसे किसी फिल्म का सीन हो...', 20 सेकंड में कैसे हुई 2 लाख की लूट, जानिए पूरी कहानी
Pragati Maidan Tunnel Loot: कहते हैं कि दिल्ली 'दिलवालों' की है...बहुत बार ऐसा दिखता भी है, लेकिन कभी-कभी यही दिल्ली हताश भी करती है। सोमवार को ऐसा ही हुआ, जब दिल्ली की प्रगति मैदान टनल में दिनदहाड़े हुई लूट का वीडियो सामने आया।
दरअसल, इस वीडियो में जहां एक तरफ दो बाइक पर आए चार बदमाश कार में बैठे शख्स से लूट कर रहे थे, तो वहीं दूसरी तरफ साइड से गाड़ियां गुजर रहीं थी। लूट के दौरान वहां से गुजरी कोई भी गाड़ी ना तो रुकी और ना ही किसी ने ये समझने की कोशिश की, कि आखिर वहां क्या हो रहा है।

लुटरों को 2 लाख रुपए की इस लूट में महज 20 सेकंड का वक्त लगा, लेकिन इसकी तैयारी उन्होंने पहले से कर रखी थी। जानकारी के मुताबिक, गुजरात के मेहसाणा में रहने वाले साजन कुमार की दिल्ली के चांदनी चौक में ज्वैलरी की दुकान है। बीते शनिवार को उन्होंने अपने स्टाफ के दो लोगों को 2 लाख रुपए की रकम लेकर गुरुग्राम भेजा।
पहले से ही पीछ लगीं थी दोनों बाइक
ये रकम उन्हें गुरुग्राम की एक फर्म को सौंपनी थी। दोनों कर्मचारियों ने रुपयों से भरा बैग लिया, लाल किले के पास से एक कैब बुक की और गुरुग्राम के लिए निकल गए। पुलिस का कहना है कि बदमाश चांदनी चौक से ही उन दोनों के पीछे लग गए थे। कर्मचारियों की कैब जैसे ही प्रगति मैदान टनल में पहुंची, बदमाशों ने एक्सीडेंट की बात कहकर कैब को रोक लिया।
'दो गाड़ियां पीछे रुकीं, लेकिन साइड से निकल गईं'
इसके बाद जबतक कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने पिस्टल निकाली और गाड़ी का गेट खोलकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। चारों बदमाशों ने अपना चेहरा छिपाने के लिए हेलमेट लगाया हुआ था। इस दौरान वहां दो गाड़ियां ऐसी भी थीं, जो कैब के ब्रेक लगने के बाद उसके ठीक पीछे रुकीं, लेकिन जैसे ही बदमाश अपनी बाइक से नीचे उतरे, दोनों गाड़ियां साइड से निकल गईं।
लूट का वीडियो:-
सीसीटीवी से सुराग तलाश रही पुलिस
बदमाशों के जाने के बाद दोनों कर्मचारियों ने पहले पुलिस और फिर मालिक को लूट की सूचना दी। मामले पर पुलिस का कहना है कि लूट की ये वारदात टनल में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है और उसी के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। इसके अलावा टनल के आस-पास लगे सीसीटीवी भी खंगााले जा रहे हैं, ताकि पता चल सके कि लूट के बाद बदमाश किस तरफ भागे।












Click it and Unblock the Notifications