खतरों के खिलाड़ी-11: निक्की तंबोली की परफॉर्मेंस पर पड़ा भाई की मौत का असर, पढ़ें एक्ट्रेस का खुलासा
मुंबई, 10 जुलाई। बिग बॉस फेम एक्ट्रेस निक्की तंबोली इन दिनों 'खतरों के खिलाड़ी-11' (KKK11) में अपनी परफॉर्मेंस को लेकर सुर्खियों में हैं। दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन शहर से शूटिंग पूरी कर अपने घर को लौटीं निक्की तंबोली बेहद भावुक दिखाई दीं। उन्होंन कहा कि 'खतरों के खिलाड़ी 11' की शूटिंग के दौरान उन्हें बार-बार अपने मरहूम भाई की याद आ रही थी जिस वजह से वह शो में अपना 100 फीसदी नहीं दे सकीं। बता दें कि KKK11 के लिए रवाना होने से ठीक पहले निक्की के भाई की कोरोना वायरस के चलते मौत हो गई थी।

भाई के निधन के बाद ही हो गईं थी रवाना
भाई के निधन के एक सप्ताह के भीतर ही निक्की तंबोली के केपटाउन रवाना होना पड़ा था। भाई की मौत और माता-पिता को ऐसी हालत में अकेले छोड़कर जाने के लिए निक्की को सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल भी होना पड़ा था। ट्रोलर्स को जवाब देते हुए निक्की ने उस समय कहा था कि 'खतरों के खिलाड़ी-11' का हिस्सा बनना मेरे भाई की सपना था, इसलिए मैं उसके ड्रीम को पूरा करने जा रही हूं। निक्की तंबोली शो में तो शामिल हो गईं लेकिन अपने भाई को खोने का दर्द उनकी हर परफॉर्मेंस में दिखा।

इंटरव्यू में निक्की ने किया खुलासा
अपने ताजा इंटरव्यू में निक्की तंबोली ने खुलासा किया कि जब वह स्टंट करती हैं, तो उनके दिमाग में केवल दो चीजें आती थीं- डर और उनका भाई। एक समय ऐसा भी था जब वह कोई भी स्टंट करने की हालत में नहीं थीं। निक्की ने बताया, जब मैं स्टंट कर रही थी तो मेरे दिमाग में सिर्फ दो चीजें आ रही थीं, एक डर और दूसरा मेरा भाई। जिसके कारण मैं अक्सर टूट जाया करती थी और स्टंट कंप्लीट नहीं कर पाती थी। लेकिन आखिरकार मैंने शो पर कॉन्सन्ट्रेट किया क्योंकि यह मेरे लिए जरूरी था।

स्टंट करने पर दिमाग में आती थीं ये दो बातें
निक्की ने आगे कहा, 'मैंने खुद से कहा कि मैं जीतूं या हारूं, उससे फर्क नहीं पड़ता मुझे बस अपना स्टंट समाप्त करना है। क्योंकि मैं इस शो के लिए ही अपने परिवार को दुखों के पहाड़ के बीच पीछे छोड़कर आई हूं।' खुद को ट्रोल किए जाने पर निक्की ने कहा था, 'लोगों ने इसे गलत तरीके से लिया। मैं पहले से ही मानसिक रूप से बहुत कुछ कर रही थी। उन्होंने (ट्रोलर्स) मेरे परिवार को छोड़कर केप टाउन जाने के बारे में ऐसी भयानक बातें कही।'

'परवाह नहीं, लोग क्या कहते हैं'
एक्ट्रेस ने पिछले इंटरव्यू में कहा था, लोगों के पास कहने के लिए हमेशा कुछ न कुछ होता है, चाहे आप कुछ भी करें। मुझे इसकी परवाह क्यों करनी चाहिए? वे आपको जज करेंगे और वैसे भी कमेंट तो पास करना ही है उन्हें। मैं अपना काम कर रही थी, अपने कमिटमेंट से पीछे नहीं हटती मैं। 'खतरों के खिलाड़ी-11' को छोड़ने का ख्याल मेरे मन में कभी नहीं आया। मैं एक सच्ची खिलाड़ी हूं, मुझे परवाह नहीं है कि लोग क्या कहते हैं।
यह भी पढ़ें: फिर छलका निक्की तंबोली का दर्द, 'मां-पापा के सामने नहीं रो सकती, भाई के जाने के बाद बात करने वाला कोई नहीं'












Click it and Unblock the Notifications