ह्युंडई के बाद KFC और पिज्जा हट ने कश्मीर को लेकर किया ट्वीट, विरोध के बाद पोस्ट डिलीट कर मांगी माफी
नई दिल्ली, 08 फरवरी। पाकिस्तान में ह्युंडई के आउटलेट की ओर से सोशल मीडिया पर आजाद कश्मीर को लेकर एक ट्वीट किया गया था, जिसपर काफी विवाद हुआ था और कंपनी को आखिरकार इसपर बयान जारी करके सफाई जारी करनी पड़ी थी। यह विवाद अभी शांत भी नहीं हुआ था कि पाकिस्तान में पिज्जा हट और केएफसी के आउटलेट ने आजाद कश्मीर के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिसकी भारत में काफी आलोचना हो रही है। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद केएफसी ने इस पोस्ट पर माफी मांगी है। जबकि पिज्जा हट की ओर से बयान जारी करके कहा गया है कि सोशल मीडिया में प्रसारित किसी पोस्ट की सामग्री की हम निंदा करते हैं, हम इसका समर्थन या इससे सहमति नहीं रखते हैं।
केएफसी ने और पिज्जा हट ने मांगी माफी
केएफसी की ओर से पोस्ट करके लिखा गया, देश के बाहर केएफसी के सोशल मीडिया चैनल पर किए गए पोस्ट के लिए हम तहे दिल से माफी मांगते हैं। हम भारत के सम्मान करते हैं और गर्व के साथ सभी भारतीयों की सेवा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। वहीं पिज्जा हट की ओर से बयान जारी करके कहा गया है कि हम सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए पोस्ट की निंदा करते हैं, हम इसका समर्थन नहीं करते हैं। हम गर्व के साथ अपने सभी भाई-बहनों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पोस्ट को किया डिलीट
इससे पहले सोशल मीडिया पर केएफसी के वेरिफाइड पेज से अलगावादियों का समर्थन किया गया थआ और लिखा था कश्मीर कश्मीरियों का है। इसी तरह का पोस्ट पिज्जा हट के वेरिफाइड अकाउंट से पोस्ट शेयर किया गया था जिसमे लिखा गया था हम आपके साथ खड़े हैं, कश्मीर एकता दिवस। हालांकि दोनों ही सोशल मीडिया पोस्ट को विवाद के बाद डिलीट कर दिया गया। लोगों ने दोनों ही पोस्ट का सोशल मीडिया पर जमकर विरोध किया और ट्विटर पर #BoycottKFC और #BoycottPizzaHut ट्रेंड करने लगा। गौर करने वाली बात है कि भारत में केएफसी के कुल 450 स्टोर हैं जबकि पिज्जा हट के देश में तकरीबन 500 स्टोर हैं।
ह्युंडई मोटर्स ने भी दी थी सफाई
गौर करने वाली बात है कि इससे पहले ह्युंडई मोटर्स के वेरिफाइड अकाउंट से भी कुछ इसी तरह का पोस्ट किया गया था। पाकिस्तान के आउटलेट ने सोशल मीडिया पर कश्मीर के समर्थन में पोस्ट किया था। जिसके बाद लोगों ने ह्युंडई का विरोध करना शुरू कर दिया था और लोगों ने ह्युंडई कारों का बहिष्कार करने की बात कही थी। जिसके बाद ह्युंडई इंडिया की ओर से बयान जारी करके इसपर सफाई दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications