Kerala serial blasts: एक शख्स ने किया सरेंडर, ली सिलसिलेवार धमाकों की जिम्मेदारी
केरल के एर्नाकुलम के कलामासेरी में स्थित एक कन्वेंशन सेंटर में रविवार को तीन धमाके हुए, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के होश उड़ गए। अब केरल के त्रिशूर जिले में एक व्यक्ति ने इस धमाके की जिम्मेदारी ली है। घटना में अब तक एक शख्स की मौत हुई, जबकि 40 अन्य घायल हैं।
मामले में पुलिस ने कहा कि डोमिनिक मार्टिन नामक व्यक्ति ने कन्वेंशन सेंटर में बम लगाने का दावा किया है, जहां रविवार सुबह तीन विस्फोट हुए थे।

मामले में घटनास्थल पहुंचे केरल के एडीजीपी (कानून और व्यवस्था) एमआर अजित कुमार ने कहा कि एक व्यक्ति ने त्रिशूर ग्रामीण के कोडकारा पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया है। उसने दावा किया है कि उसने ही धमाके किए हैं। उसका नाम डोमिनिक मार्टिन है, हालांकि पुलिस टीम मामले की जांच कर रही। साथ ही ये पता लगाने की कोशिश की जा रही कि वो शख्स सही बोल रहा या नहीं। इस केस के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक विस्फोटक एक टिफिन बॉक्स में भरा गया था। पहला विस्फोट सुबह 9:40 बजे हुआ। केरल के पुलिस महानिदेशक शेख दरवेश साहेब ने कहा कि हमले में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल किया गया।
इस बीच केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सोमवार सुबह 10 बजे सचिवालय में सर्वदलीय बैठक बुलाई। माना जा रहा है कि इसी मुद्दे पर चर्चा की जाएगी। सीएम ने कहा कि ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम घटना के संबंध में विवरण एकत्र कर रहे हैं। एर्नाकुलम में सभी शीर्ष अधिकारी वहां हैं। हम इसे बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। मैंने डीजीपी से बात की है और जांच के बाद हमें अधिक जानकारी मिलेगी।
NIA-NSG की टीम करेगी जांच
वहीं केंद्र सरकार भी मामले में गंभीर है। घटना के तुरंत बाद अमित शाह ने केरल सीएम से बात की। इसके अलावा केंद्र सरकार ने एनआईए और एनएसजी की एक टीम को केरल भेजा है, ताकि घटना की जांच सही ढंग से की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications