मानहानि मामला: केजरीवाल की याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई, बीजेपी नेता राजीव बब्बर से मांगा गया जवाब
नई दिल्ली: मानहानि से जुड़े एक मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने बीजेपी नेता राजीव बब्बर को नोटिस जारी किया है। साथ ही उनसे इस मामले में जवाब मांगा गया है। सबसे पहले बीजेपी नेता ने ही सीएम केजरीवाल को मानहानि से जुड़ा समन भेजा था। जिसको केजरीवाल और आप नेताओं ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। जस्टिस अनु मल्होत्रा ने अगली सुनवाई 23 नवंबर को रखी है, उससे पहले बीजेपी नेता को जवाब दाखिल करना पड़ेगा।

दरअसल हाईकोर्ट ने 28 फरवरी को इस मानहानि मुकदमे के ट्रायल पर रोक लगा दी थी। साथ ही दिल्ली सरकार और बब्बर को नोटिस जारी किया था। मानहानि के मामले में बीजेपी नेता बब्बर ने कहा था कि आप नेताओं ने जानबूझकर उनकी पार्टी पर मतदाता सूची से लोगों के नाम कटवाने का आरोप लगाया था, ताकी समुदाय विशेष पर इसकी गलत छवि बने। इस वजह से पार्टी की तरफ से उन्होंने सीएम केजरीवाल और आप नेताओं पर मानहानि का मुकदमा कर दिया।
इस मामले में 23 अप्रैल तक जवाब देना था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से लॉकडाउन लागू हो गया और सुनवाई टल गई। सोमवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार इस केस की सुनवाई तेजी से होनी चाहिए। इस मामले में केजरीवाल के अलावा राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार गुप्ता, पार्टी के नेता मनोज कुमार और आतिशी मार्लेना का भी नाम है। बीजेपी नेता का जवाब मिलने के बाद अब कोर्ट आगे की कार्यवाही करेगा।












Click it and Unblock the Notifications