Kedarnath helicopter crash: बर्थडे मनाने केदारनाथ आईं थी कृति, पूर्वा और उर्वी, एक हादसे में उजड़ गया सबकुछ
केदारनाथ घाटी में हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हुए 7 लोगों में कृति, पूर्वा और उर्वी के नाम भी शामिल हैं।
केदारनाथ हेलिकॉप्टर क्रैश (Kedarnath chopper crash): गुजरात के भावनगर की रहने वाली कृति बराड का मंगलवार को 30वां जन्मदिन था और अपने बर्थडे पर भगवान केदारनाथ के दर्शनों के लिए आई कृति ने वहीं से पिता कमलेश को फोन किया। कृति ने पापा से फोन पर शिकायत की, कि उन्होंने उसके बर्थडे पर सबसे पहले फोन करके बधाई क्यों नहीं दी। लेकिन, शायद कृति को अंदाजा भी नहीं था कि अपने पापा से उसकी ये बातचीत आखिरी बातचीत बन जाएगी। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, अपने मां-बाप की इकलौती औलाद कृति एक स्कूल में टीचर थी और अपनी चचेरी बहन उर्वी और एक दोस्त पूर्वा रामानुज के साथ केदारनाथ गई थी।

परिवार में अकेली कमाने वाली थी उर्वी
मंगलवार को केदारनाथ घाटी में हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हुए 7 लोगों में इन तीनों लड़कियों के नाम भी शामिल हैं। कृति की चचेरी बहन उर्वी एक आईटी कंपनी में नौकरी करती थी और इससे पहले भी एक बार केदारनाथ जा चुकी थी। उर्वी के पिता की दो साल पहले ही एक सड़क हादसे में जान चली गई थी। चार लोगों के परिवार में उर्वी अकेली कमाने वाली थी। हेलिकॉप्टर हादसे से ठीक पहले उर्वी ने कृति को बर्थडे विश करते हुए एक फोटो अपने इंस्टाग्रा पर भी भी पोस्ट की थी।

कनाडा में सेटल होना चाहती थी पूर्वा
कृति और उर्वी अपने साथ केदारनाथ यात्रा पर अपनी दोस्त पूर्वा को भी लाईं थी। भावनगर में ही रहने वाली पूर्वा ने बीसीए की डिग्री ली थी और बहुत जल्द वो कनाडा में सेटल होना चाहती थी। परिवार से जुड़े लोगों ने बताया कि कृति, उर्वी और पूर्वा 15 अक्टूबर को ट्रेन के जरिए अहमदाबाद से उत्तराखंड पहुंची थी। मंगलवार को कृति का जन्मदिन था और तीनों ने तय किया था कि इस मौके पर भगवान केदारनाथ के दर्शन कर बर्थडे सेलीब्रेट किया जाएगा। लेकिन, इसके कुछ घंटे बाद ही तीनों के परिवार के पास खबर पहुंची कि उनकी बेटियां एक हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हो गई हैं।

हरिद्वार में होगा तीनों का अंतिम संस्कार
उर्वी के छोटे भाई वत्सल को इस हादसे की जानकारी इंस्टाग्राम के जरिए मिली। तीनों परिवार खबर सुनने के बाद हरिद्वार के लिए रवाना हुए, जहां कृति, उर्वी और पूर्वा का अंतिम संस्कार किया जाएगा। एक रिश्तेदार ने बताया कि दो साल पहले कृति एमबीए की पढ़ाई के लिए पेरिस गई थी, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण उसे वापस लौटना पड़ा। फिलहाल कृति एक स्थानीय स्कूल में इंग्लिश की टीचर थी।

हादसे से पहले उर्वी ने अपने मंगेतर को किया था फोन
उर्वी के परिवार में अब उनकी मां, एक बहन और एक भाई बचा है। अपने पिता को सड़क हादसे में खोने के बाद पिछले दो साल से उर्वी ही घर संभाल रही थीं। उर्वी के छोटे भाई वत्सल ने बताया, 'दो महीने पहले ही दीदी की सगाई हुई थी। मंगलवार को सुबह करीब 9 बजे उर्वी ने अपने मंगेतर को फोन किया और बताया कि वो लोग केदारनाथ से लौट रहे हैं।' आपको बता दें कि इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद गुजरात सरकार ने तीनों लड़कियों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications