KCR National Party: केसीआर आज करेंगे राष्ट्रीय पार्टी का ऐलान
नई दिल्ली, 05 अक्टूबर। KCR National Party: तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव आज अपनी राष्ट्रीय पार्टी का ऐलान करेंगे। केसीआरर पिछले एक महीने से खुद को राष्ट्रीय नेता के तौर पर पेश कर रहे हैं, उन्होंने कई पार्टियों के नेताओं से इस बीच मुलाकात की है। उन्होंने भाजपा विरोधी नेताओं से मुलाकात करके उन्हें एकजुट करने की कोशिश की है। अब केसीआर मिशन 2024 के तहत अपनी राष्ट्रीय पार्टी Bharatiya Rashtra Samiti का ऐलान करने जा रहे हैं।

केसीआर अपनी पार्टी का लॉन्च तय मुहुर्त पर करेंगे, जानकारी के अनुसार उनकी पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्र समिति होगा और वह इसका लॉन्च दोपहर 1:19 बजे करेंगे। रविवार को मुख्यमंत्री ने अपने कैबिनेट के सदस्यों के साथ बैठक की थी, इसमे सभी 33 जिलों के पार्टी अध्यक्ष भी शामिल हुए थे। रिपोर्ट की मानें तो इस बैठक में केसीआर ने पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च करने के रोडमैप पर इस बैठक में विस्तार से चर्चा की थी।
केसीआर 2018 से ही अपनी राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा को खुलकर सामने रख रहे हैं। वह लगातार कांग्रेस और भाजपा पर हमला बोलते रहे हैं कि कैसे दोनों ही दल देश को नेतृत्व देने में विफल रहे हैं। कई मंच पर केसीआर यह कह चुके हैं कि वह जल्द ही राष्ट्रीय पार्टी का गठन करेंगे और अपनी नीतियों को लागू करेंगे। फिलहाल अब केसीआर भारतीय जनता पार्टी का सीधा सामना करने के लिए खुद को तैयार कर हे हैं।
केसीआर अपनी पार्टी का चुनाव चिन्ह कार और इसके गुलाबी रंग को बरकरार रखना चाहते हैं। लेकिन आधिकारिक तौर पर इसे हासिल करना अभी भी लंबी लड़ाई है। केसीआर ने अपनी पार्टी के नेताओं से कहा है कि उनका देश के अलग-अलग राज्यों का दौरा काफी सफल रहा है, तेलंगाना में समाज के लिए हितकारी योजनाएं पिछले 8 साल में काफी सफल रही हैं।
तेलंगाना भाजपा के प्रवक्ता एनवी सुभाष ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी का लॉन्च केसीआर की रणनीति है ताकि वह अपनी विफलताओं से लोगों का ध्यान भटका सकें। 12 सीटर एयरक्राफ्ट 100 करोड़ रुपए का उनकी पार्टी ने खरीदा है। यह साफ दर्शाता है कि कैसे आम जनता का पैसा इन लोगों ने लूटा है। भाजपा इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।












Click it and Unblock the Notifications