एक्टर कौशिक सेन का दावा, मॉब लिंचिंग के खिलाफ आवाज उठाने पर मिली जान से मारने की धमकी
नई दिल्ली। देश के अलग-अलग क्षेत्र की 49 नामी-गिरामी हस्तियों ने मॉब लिंचिंग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी थी। इन लोगों ने पीएम मोदी से मॉब लिंचिंग के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है। वहीं, खबर आ रही है कि पीएम मोदी को भेजे गए पत्र पर साइन करने वाले एक्टर कौशिक सेन को धमकी भरा फोन आया है और उनको जान से मारने की धमकी दी गई है।

कौशिक सेन का दावा- जान से मारने की मिली धमकी
एक्टर कौशिक सेन ने बताया, 'कल मुझे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया और मुझे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई अगर मैंने लिंचिंग के खिलाफ अपनी आवाज उठाना बंद नहीं किया। मुझसे कहा गया कि अगर मैंने अपने तरीका नहीं बदला तो मुझे मार दिया जाएगा।' कौशिक सेन ने कहा, 'ईमानदारी से कहूं तो ऐसी कॉल से मैं परेशान नहीं हूं। मैंने कॉल के बारे में पत्र पर हस्ताक्षर करने वाले अन्य लोगों को भी बता दिया है और उन्हें भी फोन नंबर भेज दिया है।'

49 हस्तियों ने पीएम मोदी को लिखी है चिट्ठी
इस मामले में पुलिस ने कहा कि छानबीन की जा रही है। दरअसल, विभिन्न क्षेत्रों के 49 दिग्गजों ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में खेद व्यक्त करते हुए लिखा कि आज 'जय श्री राम' आज एक भड़काऊ युद्ध बन गया है, इस पत्र में आगे लिखा गया है कि राम बहुसंख्यक समाज के लिए पवित्र हैं। राम का नाम लेना बंद कर दें।

मॉब लिंचिंग के खिलाफ एक्शन लेने की मांग
लिंचिंग के मामलों पर मशहूर हस्तियों ने कहा कि कि मुसलमानों, दलितों और और अल्पसंख्यकों की लिंचिंग को तुरंत रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे एनसीआरबी के आंकड़े को जानकर हैरान हो गए कि साल 2016 में दलितों पर अत्याचार के 840 मामले सामने आए हैं और दोषियों को सजा के मामले में कमी आई है। पीएम मोदी को लिखे गए पत्र पर विनायक सेन, सौमित्र चटर्जी, रेवती, श्याम बेनेगल, शुभा मुद्गल, रूपम इस्लाम, अनुपम रॉय, परमब्रता, रिद्धि सेन के भी हस्ताक्षर हैं।












Click it and Unblock the Notifications