कश्मीरियों के लिए नर्क बन गया है धरती पर स्वर्ग कहलाने वाला कश्मीर
श्रीनगर। कभी कश्मीर धरती पर स्वर्ग कहलाता था लेकिन अब यह कश्मीरियों के लिए नर्क बन गया है। पिछले तीन महीने से हिंसा की आग में झुलस रहे कश्मीर घाटी में हुर्रियत ने बंद का आह्वान कर रखा है और इससे तंग आकर अब कश्मीरी सड़क पर उतरकर इसका विरोध कर रहे हैं।

मुश्किल में कश्मीर के लोग
हुर्रियत के बंद का विरोध करने उतरे लोगों में से एक कश्मीरी ने अलगाववादी नेताओं से गुहार लगाते हुए कहा, 'गिलानी साब देखो हमारे घरों में चूल्हे जलने बंद हो गए, हम तंग आ गए हैं।'
एक स्थानीय महिला ने कश्मीर में मुश्किल हालात के बारे में कहा कि पिछले तीन महीने से बंद होने की वजह से उनकी जिंदगी बुरी तरह से प्रभावित हुई है। वह बच्चों के स्कूल की फीस नहीं भर पा रही हैं।
हुर्रियत से डरते हैं कश्मीरी
8 जुलाई को आतंकी बुरहान वानी के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद से कश्मीर घाटी में अशांति फैली हुई है। कश्मीर में कर्फ्यू नहीं होने के बावजूद कर्फ्यू जैसा माहौल बना हुआ है। दुकान, स्कूल, कोर्ट-कचहरी, बाजार सब बंद रह रहे हैं।
एक कश्मीरी का कहना है कि हुर्रियत ने बंद का ऐलान कर रखा है इसलिए कोई दुकान खोलने की हिम्मत नहीं कर रहा। कुछ लोग जो हिम्मत जुटाकर दुकान खोल रहे हैं वो जानते हैं कि उनके खिलाफ हिंसक कार्रवाई हो सकती है।
बच्चे नहीं जा पा रहे स्कूल
कश्मीर घाटी में पिछले तीन महीनों से स्कूल बंद हैं। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और कश्मीरी अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
डल झील पर पसरा है सन्नाटा
कश्मीर घाटी में अशांति की वजह से पर्यटन सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। डल झील पर सन्नाटा पसरा रहता है और यहां कोई पर्यटक नहीं आ रहा। यहां पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के लिए आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications