'कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर को भेजो राज्यसभा वर्ना.....', कश्मीरी नेता सज्जाद लोन ने PM से की मांग
नई दिल्ली, 23 मार्च: पूरे देश में इन दिनों विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की खूब चर्चा हो रही है। साथ ही ये फिल्म कमाई के रिकॉर्ड भी तोड़ रही है। एक ओर बीजेपी और मोदी सरकार इस फिल्म का समर्थन कर रही, तो वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल इसे मेकर्स को प्रोपगेंडा बता रहे हैं। अब इस फिल्म को लेकर जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष सज्जाद लोन का बयान सामने आया है।

बताई ये वजह
सज्जाद लोन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री को पहले ही राज्यसभा सीट देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अगर पीएम ने ऐसा नहीं किया तो विवेक ऐसी फिल्में बनाते रहेंगे। एक नया चलन है कि विवेक अग्निहोत्री और अनुपम खेर जैसे लोग राज्यसभा जाने के लिए बेताब हैं। उनको वहां भेजना भी चाहिए, वर्ना वो इस देश को नफरत में डुबो देंगे।

मुसलमानों पर कही ये बात
पूर्व मंत्री लोन ने कहा कि कश्मीरी पंडितों के साथ अन्याय के बारे में कोई संदेह नहीं है। कश्मीरी मुसलमानों को पंडितों की तुलना में 50 गुना ज्यादा प्रताड़ित किया गया है। आप सिर्फ एक समुदाय के दर्द का दस्तावेजीकरण नहीं कर सकते। हम सब इसमें एक साथ हैं। मैंने अपने ही पिता को गोली लगने की वजह से खो दिया था।

फारूक का बयान भी आया था सामने
हाल ही में कश्मीरी नेता फारूक अब्दुल्ला को भी कटघरे में खड़ा किया गया था। उस पर उन्होंने भी सफाई दी थी। एक न्यूज चैनल से बात करते हुए फारूक ने कहा था कि बेशक 90 के दौर में जो कुछ भी कश्मीरी पंडितों के साथ हुआ, वो बहुत बुरा था लेकिन मैं यहां एक बात साफ करना चाहता हूं कि उन सारी बातों के लिए मैं जिम्मेदार नहीं हूं। वो बहुत ही बुरा वक्त था, जिसके लिए मेरा दिल आज भी रो रहा है। उन्होंने कहा कि 1990 में कश्मीर में जो भी हुआ वो साजिश थी, सोची समझी साजिश, जिसके बारे में विस्तार पूर्वक जांच होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications