कर्नाटक में उन्हीं जिलों में 9वीं से 12वीं तक के खुलेंगे स्कूल, जहां संक्रमण दर होगी 2 फीसदी से कम- सीएम
बेंगलुरु, अगस्त 14। कर्नाटक सरकार ने कक्षा 9वीं से लेकर कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को खोलने का फैसला किया है। हालांकि अभी स्कूल खोलने की प्रक्रिया सिर्फ उन्हीं जिलों में शुरू होगी, जहां कोरोना की संक्रमण दर 2 फीसदी से कम है। राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन जिलों में संक्रमण दर 2 फीसदी से नीचे हैं, उन्हीं जिलों में अभी 9वीं से लेकर 12वीं तक के स्कूलों को खोला जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि स्कूल परिसर में प्रवेश के लिए सभी माता-पिता और स्कूल स्टाफ का वैक्सीनेट होना अनिवार्य रहेगा।

23 अगस्त से खुलेंगे स्कूल
शनिवार को मुख्यमंत्री ने स्कूल खोलने को लेकर बेंगलुरु में एक्सपर्ट के साथ एक अहम मीटिंग की, जिसमें ये सभी निर्णय लिए गए। इससे पहले सीएम ने घोषणा की थी कि राज्य में 23 अगस्त से कक्षा 9वीं और 12वीं तक के स्कूलों को खोला जाएगा। राज्य में कॉलेजों में ऑफलाइन क्लासेस हो रही हैं, लेकिन उन्हीं छात्रों को क्लास में बुलाया जा रहा है, जिन्होंने वैक्सीन की दोनों डोज ले ली हैं। स्कूली छात्र अभी वैक्सीनेट नहीं हैं, क्योंकि उनकी उम्र 18 साल से कम है।
आपको बता दें कि कर्नाटक में शुक्रवार को कोरोना के 1,669 नए मामले रिपोर्ट किए गए थे और 22 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई थई। राज्य में कुल मरीजों की संख्या 29,26,401 हो गई और मरने वालों की संख्या 36,933 हो गई।
16 अगस्त से कई राज्यों में खोले जा रहे हैं स्कूल
आपको बता दें कि 16 अगस्त से कई राज्यों में स्कूल खोलने की तैयारी चल रही है। इनमें यूपी, उत्तराखंड, और बिहार का नाम शामिल है। वहीं महाराष्ट्र सरकार ने तो कोरोना के खतरे को देखते हुए स्कूलों को खोलने का फैसला बदल दिया है। वहीं दिल्ली में भी अभी स्कूलों को खोलने को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है। दिल्ली सरकार ने स्कूलों को खोलने को लेकर जनता से राय भी मांगी थी, जिसके बाद भी कोई फैसला नहीं लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications