दिवंगत एक्टर पुनीत राजकुमार को मिलेगा कर्नाटक रत्न पुरस्कार, सीएम ने किया ऐलान
बेंगलुरु, 16 नवंबर: कर्नाटक सरकार दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार को कर्नाटक रत्न पुरस्कार से सम्मानित करेगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री बोम्मई ने पैलेस ग्राउंड्स में फिल्म इंडस्ट्री द्वारा आयोजित एक संगीत कार्यक्रम 'पुनीत नमना' में इसकी घोषणा की। वो इस सम्मान को पाने वाले 10वें शख्स होंगे। पुनीत के फैन्स और साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।

वहीं पुनीत के ऊपर आयोजित कार्यक्रम में 2000 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया, जिसमें कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान पुनीत की फिल्मों के कई गानों का प्रदर्शन किया गया। वैसे तो देश के अलग-अलग हिस्सों से इस कार्यक्रम को देखने पुनीत के फैन्स पहुंचे थे, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से सार्वजनिक प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था।
कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए सीएम बोम्मई ने कहा कि दिवंगत अभिनेता के लिए उनके पिता डॉ. राजकुमार की तरह एक स्मारक बनाया जाएगा। इस मौके पर सिद्धारमैया समेत कई राजनीतिक नेता मौजूद थे। वहीं पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि पुनीत राजकुमार को पद्म सम्मान मिलना चाहिए, वो एक बेहतरीन एक्टर होने के साथ ही बहुत अच्छे इंसान थे। इसी कार्यक्रम में तमिल एक्टर विशाल ने पुनीत के परिवार से खुद को उन छात्रों की देखभाल में शामिल करने का अनुरोध किया, जिनका जिम्मा पुनीत संभाल रहे थे।
पुनीत को याद कर कार्यक्रम में शामिल परिवार के सदस्य और अन्य लोग भी भावुक हो गए। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि पुनीत के प्रशंसकों के लिए जल्द ही एक और कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications