Karnataka Muslim quota: 4% मुस्लिम कोटा पर सियासी तौर पर क्यों घिर सकती है कांग्रेस?
Karnataka Muslim quota: कर्नाटक में सरकारी ठेकों में मुसलमानों को 4% आरक्षण देने के कांग्रेस सरकार के फैसले ने बीजेपी को एक बड़ा राजनीतिक हथियार थमा दिया है। विपक्षी दल के रूप में बीजेपी ने इसे 'सरकारी जिहाद' करार दिया है और विधानसभा के भीतर और बाहर इस फैसले के खिलाफ बवाल काट रही है।
बीजेपी ने इस मुद्दे को जिस तरह से उछाला है, यह विवाद न केवल राज्य की राजनीति को प्रभावित कर सकता है, बल्कि देशव्यापी स्तर पर भी इसके दूरगामी प्रभाव हो सकते हैं और कांग्रेस को इसका सियासी फायदा और नुकसान दोनों ही उठाना पड़ सकता है।

Karnataka Muslim Quota News: कांग्रेस की रणनीति और वोट बैंक पर नजर
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की सरकार ने यह आरक्षण कर्नाटक ट्रांसपेरेंसी इन पब्लिक प्रोक्योरमेंट (KTPP) एक्ट में बदलाव करके देने की व्यवस्था की है। राज्य सरकार का दावा है कि मुसलमानों को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के तहत शामिल करने का उद्देश्य उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
कांग्रेस सरकार ने यह भी कहा है कि मुस्लिम ठेकेदारों को सरकारी टेंडर प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, क्योंकि वे पहले किसी भी आरक्षित श्रेणी में नहीं आते थे।
राज्य में मुसलमानों की आबादी लगभग 14% है, और वे सामाजिक व आर्थिक रूप से पिछड़े समुदायों में गिने जाते हैं। लेकिन, स्वाभाविक तौर पर कांग्रेस का यह फैसला मुस्लिम वोट बैंक को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
Karnataka Muslim reservation: बीजेपी की आपत्ति और आक्रामक रुख
बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस सरकार मुस्लिम तुष्टीकरण की नीति अपना रही है और धर्म के आधार पर आरक्षण देकर संविधान का उल्लंघन कर रही है।
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने इस फैसले को 'सरकारी जिहाद' बताया है और कहा कि यह दलित (SC), आदिवासी (ST) और ओबीसी (OBC) समुदायों के अधिकारों का हनन है।
बीजेपी का यह भी कहना है कि कांग्रेस सरकार वक्फ बोर्ड और मुस्लिम कल्याण योजनाओं के नाम पर मुसलमानों के लिए अनुचित रूप से अधिक धन आवंटित कर रही है।
बीजेपी का यह भी दावा है कि कांग्रेस सरकार यह फैसला उसकी हिंदू विरोधी मानसिकता जाहिर करता है और इसे सत्ता में बने रहने के लिए अल्पसंख्यक समुदायों को खुश करने की राजनीति के रूप में देखा जाना चाहिए। पार्टी इसे ध्रुवीकरण की रणनीति मान रही है।
Karnataka Muslim quota: कानूनी और संवैधानिक पहलू
संविधान के अनुच्छेद 15(1) और 16(2) के अनुसार, धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता है। हालांकि, कांग्रेस सरकार यह तर्क दे रही है कि यह आरक्षण धर्म के आधार पर नहीं, बल्कि पिछड़ेपन के आधार पर दिया गया है।
बीजेपी के अलावा कुछ कानूनी विशेषज्ञ भी इस निर्णय पर सवाल उठा रहे हैं। उनकी दलील है कि इसे न्यायिक समीक्षा में बरकरार रख पाना मुश्किल होगा। ऐसे में इस फैसले को अदालत में बचाव करना कांग्रेस सरकार के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर सकता है।
Karnataka Muslim quota: राजनीतिक परिणाम और संभावित असर
कांग्रेस इस कदम के जरिए मुसलमानों के बीच अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है, खासकर 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों में मुस्लिम समुदाय के बड़े पैमाने पर समर्थन के बाद।
दूसरी ओर, बीजेपी इस मुद्दे पर हिंदुओं को लामबंद करने के लिए इस्तेमाल कर रही है, खासकर एससी (SC), एसटी (ST) और ओबीसी (OBC) समुदायों को यह दिखाने के लिए कि कांग्रेस उनके अधिकारों का मुसलमानों के लिए अतिक्रमण कर रही है।
अगर इस फैसले को अदालत में चुनौती दी जाती है और इसे अवैध घोषित किया जाता है, तो कांग्रेस की छवि को बड़ा झटका लग सकता है। वहीं, अगर इस फैसले को बरकरार रखा जाता है, तो यह मुसलमानों के बीच कांग्रेस की पकड़ को और मजबूत कर सकता है। इस तरह से
कर्नाटक में 4% मुस्लिम आरक्षण पर जारी यह विवाद न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश की राजनीति को दूरगामी तौर पर प्रभावित कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications