कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली को रिझाने की फिराक में थी महिला, ऐन वक्त पर नाकाम हुई 'हनी ट्रैप' की कोशिश
Karnataka News: कर्नाटक के लोक निर्माण विभाग के मंत्री सतीश जारकीहोली को एक महिला ने 'हनी ट्रैप' में फंसाने की कोशिश की। लेकिन, वो उन्हें रिझाने में सफल नहीं हो पाई। इस बात की जानकारी खुद मंत्री सतीश जारकीहोली ने दी है। उन्होंने कहा कि मुझे हनी ट्रैप का प्रयास किया गया था। हालांकि, ये कोशिश नाकाम रही।
वहीं, अब इस मामले में राज्य के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि पुलिस में मामला दर्ज कर इसकी गहराई से जांच की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हनी ट्रैप का यह मामला भाजपा के पूर्व मंत्री वी सुनील कुमार द्वारा 19 मार्च को राज्य विधानसभा में उठाया गया था, जिसके बाद जारकीहोली का बयान सामने आया।

सतीश जारकीहोली ने मीडिया कर्मियों से बात करते हुए कहा, 'यह सच है कि दो बार हनी ट्रैप की कोशिश की गई, लेकिन वे सफल नहीं हुए।' इस दौरान मंत्री ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि यह कर्नाटक में कोई पहला मामला नहीं है और उन्होंने इससे निपटने के लिए दोनों दलों के बीच सहयोग की अपील की।
मंत्री सतीश जारकीहोली ने कहा, 'यह पिछले 20 सालों से हो रहा है। कांग्रेस, भाजपा और जेडीएस, हर पार्टी इसका शिकार है।' उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राजनीति में इस तरह की रणनीति नहीं अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए ऐसी स्थितियों का फायदा उठाते हैं और इसे रोका जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में भी हनी ट्रैपिंग के शिकार लोग होते थे। कुछ नाम सामने आए थे। अब हमारे लोगों (कांग्रेस) के नाम सुने गए हैं, अगर भविष्य में भी ऐसा हो तो आश्चर्य नहीं होगा। यह खत्म होना चाहिए। मौजूदा घटना के बारे में उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और गृह मंत्री से बात की है।
उन्होंने कहा कि हमने मांग की है कि शिकायत दर्ज की जाए और जांच की जाए। हमने पीड़ितों से कहा है कि वह आगे आकर शिकायत दर्ज कराए, तभी इसकी जांच हो सकेगी और सच्चाई सामने आएगी। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता सीटी रवि ने कहा कि सतीश जरकीहोली सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। अगर उन्होंने कोई बयान दिया है, तो वह सच ही होगा।
भाजपा नेता ने कहा कि हनी ट्रैपिंग का सरगना कौन है? आरोप लगाने वाला कोई आम आदमी नहीं बल्कि कांग्रेस सरकार का एक वरिष्ठ नेता है। इसलिए इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। मैं मुख्यमंत्री से इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाने का अनुरोध करता हूं।
इससे पहले, पूर्व भाजपा मंत्री सुनील कुमार ने विधानसभा में कानून व्यवस्था की स्थिति पर बहस के दौरान यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर "हनी-ट्रैप फैक्ट्री" चलाने का आरोप लगाया था। उन्होंने मांग की कि राज्य का गृह विभाग इस मामले की जांच करें।
ये भी पढ़ें: Waqf Bill पर कांग्रेस ने कैसे चला सियासी बढ़त लेने वाला दांव? कर्नाटक विधानसभा से विरोध में प्रस्ताव पास












Click it and Unblock the Notifications