कर्नाटक: जयानगर सीट पर जेडीएस उम्मीदवार ने वापस लिया नामांकन, कांग्रेस को समर्थन
बेंगलुरू। कर्नाटक की जयानगर सीट पर जनता दल (सेक्युलर) के उम्मीदवार काले गौड़ा ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। जेडीएस अब यहां कांग्रेस को समर्थन करेगी। कांग्रेस से सौम्या रेड्डी चुनाव लड़ रही हैं। जयानगर सीट पर 11 जून को वोट डाले जाएंगे। जेडीएस अध्यक्ष एचडी देवगौड़ा ने इसको लेकर जानकारी दी है और पार्टी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के लिए प्रचार करने को कहा है।

जयानगर के सिटिंग एमएलए और भाजपा उम्मीदवार बीएन विजयकुमार की 4 मई को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी, जिसके बाद यहां मतदान रद्द कर दिया गया था। बीएन विजयकुमार दो बार से जयानगर से विधायक थे। उनकी मौत के बाद भाजपा ने उनके भाई बीएन प्रहलाद को उम्मीदवार बनाया है। जेडीएस के नामांकन वापसी के बाद प्रहलाद का सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार सौम्या रेड्डी से है।
जयानगर सीट पर दो लाख से तीन हजार वोटर हैं, जो 11 जून को यहां इलेक्शन लड़ रहे 19 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। दक्षिण बेंगलुरू की इस सीट पर 2008 से भाजपा का कब्जा है। कर्नाटक में इस समय जेडीएस और कांग्रेस की गठबंधन सरकार है।












Click it and Unblock the Notifications