कर्नाटक में 28 दिसंबर से 10 दिनों के लिए लगेगा नाइट कर्फ्यू, 'प्रीकॉशन डोज' पर स्वास्थ्य मंत्री ने कही ये बात
कर्नाटक में 28 दिसंबर से 10 दिनों के लिए लगेगा नाइट कर्फ्यू, 'प्रीकॉशन डोज' पर स्वास्थ्य मंत्री ने कही ये बात
बेंगलुरु, 26 दिसंबर: भारत में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। रविवार (26 दिसंबर) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में ओमिक्रॉन के 422 केस हो गए हैं। कर्नाटक में ओमिक्रॉन के 31 मामले हैं, जिसमें से 15 मरीज ठीक हो गए हैं। ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के. सुधाकर ने हाल ही में एक बैठक बुलाई थी। बैठक के बाद फैसला लिया गया है कि राज्यभर में 10 दिनों के लिए नाइट कर्फ्यू लगेगा। इसकी पुष्टि कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के. सुधाकर ने भी की है। कर्नाटक में 28 दिसंबर से 10 दिनों तक के लिए नाइट कर्फ्यू लगाया गया है, जो रात 10 से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा।
Recommended Video

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ के. सुधाकर ने कहा, ''ओमिक्रोन को फैलने से रोकने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री ने बैठक बुलाई थी, जिसमें कुछ फैसले लिए गए हैं। इनमें से एक फैसला नाइट कर्फ्यू का है। 28 दिसंबर से 10 दिनों तक के लिए नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा। यह रात 10 से सुबह 5 बजे तक रहेगा।''
इसके अलावा कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ सुधाकर ने कहा है कि राज्य में 75 फीसदी वैक्सीन पात्र आबादी को दूसरी डोज लग गई है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भी कोमोरबिडिटी वाले और 60 वर्ष से अधिक आयु वालों को 10 जनवरी 2022 से 'प्रीकॉशन डोज' दी जाएगी।
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बोले, प्रदेश में 3 जनवरी से 15 से 18 साल के बच्चों का टीकाकरण शुरू होगा। कुल 43 लाख बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। राज्य में 28 दिसंबर से दस दिनों के लिए रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक धारा 144 लागू रहेगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ सुधाकर का ये बयान पीएम नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद आया है। पीएम मोदी ने 25 दिसंबर की रात अपने राष्ट्र के नाम संबोधन में तीन बड़ी घोषणाएं की हैं। पहला 03 जनवरी 2022 से देशभर में 15 से 18 साल की आयु के बीच के किशोरों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। दूसरा, 10 जनवरी 2022 से हेल्थ वर्कर और फ्रंटलाइन वर्कर को कोरोना वैक्सीन की बूस्टर डोज दी जाएगी। वहीं तीसरा 60 वर्ष की आयु से ऊपर के लोग और कोमोरबिडिटी वालों को एहतियात और डॉक्टर की सलाह पर ''प्रीकॉशन डोज'' दी जाएगी।
ओमिक्रॉन को देखते हुए महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत कई राज्यों ने नाइट कर्फ्यू लगाया है। वहीं इन राज्यों में नए साल के जश्न पर भी बैन लगा दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications