ट्विटर इंडिया के MD की याचिका पर 20 जुलाई को फैसला सुनाएगा कर्नाटक हाईकोर्ट, जानिए पूरा मामला
नई दिल्ली, जुलाई 13। ट्विटर इंडिया के MD मनीष माहेश्वरी की याचिका पर कर्नाटक हाईकोर्ट 20 जुलाई को अपना फैसला सुनाएगा। आपको बता दें कि गाजियाबाद पुलिस के नोटिस को चुनौती देते हुए मनीष माहेश्वरी ने कर्नाटक हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की थी। इस पर हाईकोर्ट का फैसला 20 जुलाई को आएगा।

क्या है मामला?
दरअसल, गाजियाबाद के लोनी इलाके में कथित रूप से एक मुस्लिम युवक की पिटाई को लेकर किए गए ट्वीट के मामले में पुलिस ने मनीष माहेश्वरी को समन जारी किया था। इस समन को चुनौती देते हुए मनीष ने कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिस पर आज सुनवाई हुई। आज जस्टिस जी नरेंद्र की बेंच ने सुनवाई करते हुए कहा कि इस मामले में आदेश देने से पहले अधिकार क्षेत्र से संबंधित चीजों को देखने के लिए समय चाहिए, इसलिए फैसला एक हफ्ते के लिए टाला जाता है।
शुक्रवार को ही हाईकोर्ट ने सुनवाई कर ली थी पूरी
जस्टिस जी नरेंद्र ने मंगलवार को कहा कि उनको अपना फैसला लिखने में अभी और समय लगेगा, वह मामले में अपना फैसला विस्तार में लिखना चाहते हैं ताकि किसी तरह की कोई त्रुटि ना रहे। मामले में हाईकोर्ट ने शुक्रवार को ही सुनवाई पूरी कर ली थी। इससे पहले जस्टिस नरेंद्र की सिंगल बेंच ने कहा था कि गाजियाबाद पुलिस मनीष से सिर्फ वर्चुअली पूछताछ कर सकती है।
वीडियो को लेकर मचा था हंगामा
आपको बता दें कि गाजियाबाद में 65 साल के अब्दुल समद सैफी पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसी वीडियो को लेकर ट्विटर इंडिया को आरोपी के रूप देखा गया था। वीडियो में इस बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला करने वाले आरोपी उसकी दाढ़ी को काटते हुए दिख रहे थे। एक अन्य वीडियो में, बुजुर्ग व्यक्ति ने दावा किया कि उसके धर्म के कारण उसके साथ मारपीट की गई।












Click it and Unblock the Notifications