Karnataka Flood Updates: कर्नाटक में JCB मशीन से पुल पार करते दिखे स्कूली बच्चे, Helpline number जारी
Karnataka Flood Updates: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में भारी बारिश की गिरफ्त में हैं। भारत के आईटी हब बेंगलुरु में पिछले कुछ दिनों से तबाही मची हुई है। लगातार भारी बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया है जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहर में बारिश के कारण काफी आर्थिक नुकसान भी हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी ऑफिस जाने वालों और बच्चों को स्कूल जाने में हो रही है। हालांकि शहर के हालात देखते हुए बहुत सारे स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है तो कहीं-कहीं ऑनलाइन कक्षाएं भी चल रही हैं, तो वहीं कई ऑफिसों में लोग वर्क फॉर होम कर रहे हैं।

स्कूली बच्चे जेसीबी मशीन से पुल पार करते दिखे
लेकिन कुछ जगहों पर अभी भी स्कूल खुले हुए हैं। केवल बेंगलुरु ही नहीं पूरा कर्नाटक इस वक्त भारी बारिश के कारण तंग है। आपको जानकर हैरत होगी कि बागलकोट जिले के गुलेदागुड्डा में स्कूली बच्चे जेसीबी मशीन के जरिए पानी में डूबे पुल को पार करते नजर आए हैं। ओवरफ्लो होने के कारण पुल पानी में डूब गया था। कुल मिलाकर इस वक्त स्थिति काफी चिंताजनक है, हालांकि राहत और बचाव कार्य जोरों पर हैं।

कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी
हालांकि मौसम विभाग ने आज भी बेंगलुरु समेत पूरे कर्नाटक में और तेज आंधी और बारिश की भविष्यवाणी की है। पूर्वानुमान में कहा गया है कि बेलगावी, बागलकोट, बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु ग्रामीण, चिकबालापुरा और कोलार जिलों सहित क्षेत्र भारी बारिश हो सकती है यहां पर अलर्ट जारी है।

हेल्पलाइन नंबर जारी
- बेंगलुरु के नागरिक निकाय बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका ने हेल्पलाइन नंबर्स जारी किए हैं।
- 24×7 हेल्पलाइन नंबर-2266 0000
- whatsapp हेल्पलाइन नंबर- 94806 85700
- टोल-फ्री नंबर 1533
प्रभावित इलाकों में पानी निकालने का काम जारी
आधिकारिक सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि जलजमाव वाली सड़कों के अधिकांश हिस्सों को साफ कर दिया गया है, जबकि बारिश से कुछ राहत के बीच सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में पानी निकालने का काम जारी है। यातायात कथित तौर पर सामान्य स्तर पर लौट रहा है, और चीजें बहुत जल्द सामान्य हो जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications