Karnataka Election: अब सोनिया गांधी भी उतरेंगी मैदान में, पहली बार पूरा गांधी परिवार करेगा प्रचार
Karnataka Election: कर्नाटक के चुनाव में सोनिया गांधी भी करेंगी चुनाव प्रचार। ऐसा पहली बार है कि गांधी परिवार के तीनों सदस्य चुनाव प्रचार में उतरने जा रहे हैं।

Karnataka Election: कर्नाटक के चुनाव में इस बार कांग्रेस अपनी पूरी ताकत लगा देना चाहती है। प्रदेश में अब चुनाव प्रचार के लिए महज कुछ ही दिन बचे हैं। ऐसे में चुनाव के आखिरी पड़ाव में कांग्रेस प्रचार में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अब खुद प्रचार करने के लिए मैदान में उतरने जा रही हैं।
कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी के लिए गांधी परिवार से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पहले से ही प्रचार कर ररहे हैं। लेकिन अब सोनिया गांधी भी लंबे समय के बाद चुनाव प्रचार में उतरने जा रही हैं। गौर करने वाली बात है कि आखिरी बार सोनिया ने 2019 के लोकसभा चुनाव में रायबरेली में चुनाव प्रचार किया था।
सोनिया गांधी ने 14 दिसंबर 2019 को भारत बचाओ रैली में दिल्ली के रामलीला मैदान में भाषण दिया था। सोनिया गांधी कर्नाटक के हुबली में प्रचार करने के लिए उतरने जा रही हैं,यह वह क्षेत्र है जिसे हिंदुत्व की प्रयोगशाला कहा जाता है।
गांधी परिवार के सदस्यों के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जोकि खुद कर्नाटक से आते हैं, वह पिछले 20 दिनों से पार्टी के लिए प्रचार कर रहे है।
पार्टी के कर्नाटक इंचार्ज रणदीप सुरजेवाला भी पार्टी के लिए यहां पिछले दो महीनों से कैंप कर रहे हैं और प्रवक्ताओं की फौज के साथ पार्टी के हर पक्ष को मीडिया के सामने रख रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने अपनी मां और भाई के संसदीय क्षेत्र में उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार किया था। ऐसा पहली बार है जब गांधी और नेहरू परिवार की तीनों सदस्य कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार करने उतर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications