कर्नाटक: मैसूर में रोड शो के दौरान PM मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक, गाड़ी पर फेंका मोबाइल
कर्नाटक चुनाव के लिए प्रचार करने आए पीएम मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। मैसूर में रोड शो के दौरान पीएम मोदी की गाड़ी पर मोबाइल फेंका गया। जिसका वीडियो भी सामने आया है।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव प्रचार जोरों पर है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैंपेन का जिम्मा संभाल लिया है, जिसके तहत रविवार को मैसूर में पीएम मोदी ने भव्य रोड शो किया। इस दौरान पीएम की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। रोड शो में जिस वाहन पर पीएम मोदी लोगों का अभिवादन कर रहे थे, उसी गाड़ी पर मोबाइल फेंका गया।
पीएम की गाड़ी पर फेंका मोबाइल
जानकारी के मुताबिक जैसे ही मोबाइल फेंका गया, उसके तुरंत बाद एसपीजी के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए मोबाइल को वाहन से दूर कर दिया। हालांकि बाद में पता चला कि फोन गलती से फेंका गया था। इस घटना की वीडियो भी सामने आया है।
इस पूरे मामले पर ADGP (कानून-व्यवस्था) आलोक कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के वाहन पर फोन फेंकने वाले व्यक्ति का कोई गलत इरादा नहीं था, उसने एक्साइटमेंट में फोन फेंक दिया था, जो की भाजपा कार्यकर्ता है। हमने उस व्यक्ति का पता लगा लिया है और SPG ने उस व्यक्ति को फोन सौंप दिया है।
ADGP (कानून-व्यवस्था) आलोक कुमार ने आगे बताया कि मैसूरु के केआर सर्कल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो के दौरान फोन फेंकने वाले व्यक्ति को सोमवार सुबह बयान के लिए बुलाया गया है।
फूल फेंकने के साथ फेंक दिया मोबाइल
बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन पीएम मोदी से करीब पांच फीट दूरी पर गिरा था। कर्नाटक पुलिस के अनुसार एक शख्स पीएम मोदी पर फूल फेंक रहा था, तभी उसने गलती से अपना फोन भी गाड़ी की तरफ फेंक दिया।
मैसूर में पीएम का रोड शो
रविवार शाम को पीएम मोदी ने मैसूर में करीब 5 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। करीब 45 मिनट के रोड शो के दौरान सड़कों के लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली, जनता पीएम का उत्साह के साथ स्वागत करती नजर आई।
दो दिन के दौरे पर आए हैं पीएम मोदी
Recommended Video
बता दें कि पीएम मोदी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के तहत दो दिन के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने 29 और 30 अप्रैल को पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार किया। इससे पहले भी कर्नाटक में पीएम मोदी की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना सामने आ चुकी है।
हाल ही में 25 मार्च को दावणगेरे में एक चुनावी सभा के दौरान एक शख्स ने पीएम मोदी की तरफ दौड़ने लगा था। युवक ने पीएम मोदी के काफिले में घुसने का प्रयास किया था, जिसको वक्त रहते पकड़ा लिया था।












Click it and Unblock the Notifications