कर्नाटक: ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस, डीके, सिद्धारमैया हिरासत में
बेंगलुरू, 14 अप्रैल: कर्नाटक के उडुपी में ठेकेदार संतोष पाटिल की मौत से जुड़े मामले में गुरुवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया है। कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेताओं ने बेंगलुरू में मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के घर की ओर बढ़ने की भी कोशिश की, जिसके बाद कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है। होटल में मृत मिले ठेकेदार संतोष पाटिल ने अपने आखिरी नोट और मैसेज में कर्नाटक सरकार में ग्रामीण विकास और पंचायती राजमंत्री केएस ईश्वरप्पा को अपनी मौत का जिम्मेदार कहा है। ऐसे में कांग्रेस की मांग है कि ईश्वरप्पा को मंत्री पद से हटाया जाए।

कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार, पूर्व सीएम सिद्धारमैया और दूसरे नेता गुरुवार को बेंगलुरू में मंत्री केएस ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग को लेकर सीएम बोम्मई के आवास की ओर मार्च कर रहे थे। पुलिस ने सीएम आवास की ओर जाने से उनको रोक दिया। पुलिस ने डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया और कई नेताओं को हिरासत में लिया है। युवा कांग्रेस ने भी बेंगलुरू में ठेकेदार संतोष पाटिल की मौत के मामले में कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है। युवा कांग्रेस के भी कई नेताओं को पुलिस ने डिटेन कर लिया है।
कांग्रेस के प्रदर्शन पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा है कि कांग्रेस खुद भ्रष्टाचार की गंगोत्री है। कांग्रेस को अगर प्रदर्शन करना है तो वह करें। पोस्टमॉर्टम कल हुआ था। प्रारंभिक जांच (रिपोर्ट) का इंतजार है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
क्या है मामला?
ठेकेदार संतोष पाटिल ने कुछ दिन पहले कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा पर 40 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप लगाया था, हाल ही में वो उडुपी के एक होटल में मृत मिले। संतोष पाटिल ने कथित तौर पर अपनी मौत से कुछ देर पहले ही सुबह मीडिया और अपने दोस्तों को एक मैसेज भैजा था, जिसमें उन्होंने लिखा कि वो अपना जीवन समाप्त करने जा रहे हैं और इसके लिए ईश्वरप्पा जिम्मेदार हैं। ऐसे में कांग्रेस की मांग है कि ईश्वरप्पा पद से हटाए जाएं।












Click it and Unblock the Notifications