कर्नाटक विधानसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी BSP, टिकट बंटवारे को लेकर किया ये ऐलान
बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पूर्व सीएम मायावती ने कहा कि बीएसपी अकेले ही अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी।

Karnataka Assembly Elections 2023: कर्नाटक राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (BSP) अकेले ही अपने बलबूते पर लड़ेगी। इस बात का ऐलान खुद बीएसपी सुप्रीमों मायावती ने किया है। वहीं, सोमवार को राज्य के वरिष्ठ व जिम्मेदार लोगों के साथ मायावती ने दिल्ली में एक बैठक की। इस बैठक में 60 प्रतिशत उम्मीदवारों के नामों को अन्तिम रूप दे दिया गया है।
यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बीएसपी प्रमुख मायावती ने सोमवार 27 मार्च को एक के बाद एक दो ट्वीट किए। अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में मायावती ने लिखा,
कर्नाटक राज्य में विधानसभा के लिए शीघ्र ही होने वाले आमचुनाव में बीएसपी अकेले ही अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी, जिसकी तैयारी के सम्बंध में राज्य के वरिष्ठ व जिम्मेदार लोगों के साथ दिल्ली में आज हुई अहम बैठक में लगभग 60 प्रतिशत उम्मीदवारों के नामों को अन्तिम रूप दे दिया गया।
वहीं, दूसरे ट्वीट में मायावती ने लिखा,
इन चयनित बीएसपी उम्मीदवारों की सूची शीघ्र ही वहां स्थानीय स्तर पर जारी की जाएगी। साथ ही, प्रदेश यूनिट को सख़्त हिदायत दी गई है कि बाकी बची विधानसभा सीटों पर भी ज्यादातर पार्टी के समर्पित व कर्मठ कार्यकर्ताओं को ही आगे बढ़ाएं व चुनाव मैदान में उतारें।
बता दें, साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में बीएसपी ने कर्नाटक में एक सीट पर जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications