कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बोले, PUC परीक्षा में हिजाब पर रहेगा प्रतिबंध
कर्नाटक में पीयूसी परीक्षा के दौरान भी छात्राओं पर हिजाब पहनकर आने पर रहेगा प्रतिबंध। कर्नाटक के शिक्षा मंत्री ने कहा कि नियम के अनुसार हिजाब पहनकर परीक्षा केंद्र में आने की अनुमति नहीं होगी।

कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने साफ कर दिया है कि प्री यूनिवर्सिटी कोर्स की परीक्षा में हिजाब पहनकर आने की अनुमति नहीं है। बता दें कि सेकेंड पीयूसी परीक्षा 9 मार्च से शुरू हो रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले साल की ही तरह इस बार भी छात्रों को यूनिफॉर्म पहनकर आना है। जो छात्र हिजाब पहनकर आएंगे उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का पालन जरूरी है। शिक्षण संस्थान और सरकार नियम के अनुसार चल रह हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा केंद्र में हिजाब पर पाबंदी के बाद मुस्लिम छात्रों की संख्या में इजाफा हुआ है जो परीक्षा देने के लिए आ रही हैं। हालांकि इसके आंकड़ों को उन्होंने साझा नहीं किया है। नागेश ने कहा अधिक मुस्लिम बहनें हिजाब बैन के बाद परीक्षा देने के लिए आ रही हैं, अब अधिक मुस्लिम लड़कियों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया है। हमारे आंकड़े दिखाते हैं कि हिजाब की दिक्कत के बाद मुस्लिम छात्राओं की संख्या में इजाफा हुआ है जो परीक्षा देने के लिए रजिस्ट्रेशन करा रही हैं।
बता दें कि शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने हिजाब बैन के खिलाफ याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया था। कोर्ट में तत्काल सुनवाई के लिए याचिका दायर की गई थी। याचिकाकर्ता के वकील का कहना था कि 9 तारीख से परीक्षा शुरु हो रही है लिहाजा इसकी तत्काल सुनवाई होनी चाहिए, जिसपर कोर्ट ने कहा आप आखिरी दिन आए हैं। सुनवाई होली की छुट्टियों के बाद होगी। बता दें कि 1 जनवरी 2022 को कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल ने आदेश जारी किया था जिसमे कहा गया था कि स्कूल और कॉलेज में छात्र हिजाब पहनकर नहीं आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications