सिद्धू को शो से निकाले जाने पर अब कपिल शर्मा ने तोड़ी चुप्पी, दिया बड़ा बयान
'द कपिल शर्मा शो' से नवजोत सिंह सिद्धू को निकाले जाने को लेकर पहली बार कपिल शर्मा ने चुप्पी तोड़ी है।
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले (Pulwama Terror Attack) के बाद जहां पूरे देश में आक्रोश का माहौल बना हुआ है, वहीं पंजाब सरकार के मंत्री और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) के विवादित बयान पर मचा बवाल भी कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सिद्धू के बयान को लेकर सोमवार को पंजाब विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। पुलवामा हमले को लेकर 'पाकिस्तान का बचाव करने वाले बयान' के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की 'द कपिल शर्मा शो' (The Kapil Sharma Show) से भी छुट्टी हो गई है। सिद्धू की जगह अब कपिल शर्मा (Kapil Sharma) के शो में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह नजर आएंगी। इस बीच 'द कपिल शर्मा शो' से नवजोत सिंह सिद्धू को निकाले जाने को लेकर पहली बार कपिल शर्मा ने चुप्पी तोड़ी है।

'शो से हटा देना कोई समाधान नहीं'
आर्ट ऑफ लिविंग की तरफ से आयोजित किए गए 'ड्रग फ्री इंडिया' इवेंट में शामिल होने चंडीगढ़ पहुंचे कपिल शर्मा ने इस पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा, 'ये सब बहुत छोटी चीजें हैं और किसी प्रोपेगंडा का एक हिस्सा भी हो सकती हैं। मुझे लगता है कि किसी पर प्रतिबंध लगाना या नवजोत सिंह सिद्धू को 'द कपिल शर्मा शो' से हटा देना कोई समाधान नहीं है। हमें एक स्थाई समाधान तलाशने की जरूरत है। नवजोत सिंह सिद्धू अपने पहले से तय कार्यक्रमों में व्यस्त हैं, जिसकी वजह से अर्चना पूरन सिंह हमारे साथ शो की शूटिंग कर रही हैं।' आपको बता दें कि हाल ही में सोनी टीवी ने 'द कपिल शर्मा शो' के प्रोमो सोशल मीडिया पर जारी किए थे, जिनमें अर्चना पूरन सिंह नजर आईं थी।

'हमें एक स्थाई समाधान की जरूरत'
पुलवामा आतंकी हमले को लेकर बात करते हुए कपिल शर्मा ने कहा, 'हम सरकार के साथ हैं लेकिन फिर भी हमें एक स्थाई समाधान की जरूरत है। पुलवामा में आतंकियों की कायराना हरकत, जिसमें हमारे देश के सैनिक शहीद हुए हैं, उसे भुलाया नहीं जाना चाहिए और आतंकियों को सजा मिलनी चाहिए।' आपको बता दें कि पुलवामा हमले में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा था कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता और ना ही आतंकवाद का कोई देश होता है। सिद्धू के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया। ट्विटर पर लोगों ने सोनी टीवी से नवजोत सिंह सिद्धू को 'द कपिल शर्मा शो' से निकालने की मांग करते हुए शो का बायकॉट करने की अपील की।

मैं अपने बयान पर कायम हूं: सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू के बयान को लेकर सोमवार को पंजाब विधानसभा में भी काफी हंगामा हुआ। अकाली दल के सदस्यों ने नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की। वहीं, विधानसभा से बाहर निकलकर सिद्धू ने कहा कि वो अपने बयान पर कायम हैं। सिद्धू ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मैं पूछना चाहता हूं कि साल 1999 में कंधार प्लेन हाईजैक के आरोपियों को किसने रिहा किया? ये किसकी जिम्मेदारी है? हमारे जवान क्यों शहीद हो रहे हैं और इसका कोई स्थाई समाधान क्यों नहीं निकाला जा रहा है। जो लोग हमले के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें कठोर सजा दी जानी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियां इसे याद रखें। मैं अपने बयान पर कायम हूं और आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications