पासपोर्ट रिन्यू नहीं होने पर भड़कीं कंगना रनौत, याद दिलाया आमिर खान का असहिष्णुता वाला बयान
नई दिल्ली, 16 जून। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत अक्सर अपने बयान की वजह से सुर्खियों में रहती हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। महाराष्ट्र सरकार और कंगना के बीच पिछले काफी समय से तनातनी चल रही है। इस बार कंगना का आरोप है कि महाराष्ट्र सरकार उनका अपरोक्ष तरीके से शोषण कर रही है। कंगना ने सोशल मीडिया पोस्ट करके अपने दर्द को साझा किया है। कंगना ने महाराष्ट्र सरकार को महाविनाशकारी सरकार तक कह डाला है और कहा कि मेरे पासपोर्ट को रिन्यू किया जाए।

महा सरकार को बताया महाविनाशकारी
कंगना रनौत ने फेसबुक पर एक पोस्ट करके लिखा, महाविनाशकारी सरकार ने अब मेरा अपरोक्ष तरीके से शोषण शुरू कर दिया है, पासपोर्ट को रीन्यू कराने की मेरी अपील को खारिज कर दिया गया है क्योंकि एक टपोरी, सड़कछाप रोमियो जिसका नाम मुनव्वर अली है उसने मेरे खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज कराया है। कंगना ने कहा कि यह केस कोर्ट में तकरीबन रद्द हो गया था लेकिन बावजूद इसके कोर्ट ने मेरी याचिका को खारिज कर दिया, जिसमे मैंने अपील की थी कि मेरे पासपोर्ट को रिन्यू किया जाए। लेकिन कोर्ट ने मेरी याचिका को खारिज करते हुए इसका कारण बताया कि मेरी याचिका अस्पष्ट है।

आमिर खान का भी किया जिक्र
यही नहीं कंगना यहीं नहीं रुकी उन्होंने आमिर खान के बयान का जिक्र करते हुए अपने साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। कंगना रनौत ने कहा कि याद कीजिए जब आमिर खान ने भाजपा सरकार को आहत पहुंचाई थी और कहा था कि भारत में असहिष्णुता बढ़ गई है उस वक्त किसी ने उनका पासपोर्ट जब्द नहीं किया था और ना ही उनकी फिल्मों की शूटिंग को रोका गया, ना ही उन्हें काम करने से रोका गया, ना ही उनका किसी भी तरह से कोई शोषण किया गया।

कोर्ट ने खारिज नहीं दी थी राहत
बता दें कि कंगना को अपनी अगली फिल्म धाकड़ की शूटिंग के लिए बुडापेस्ट जाना था। 15 जून से 20 अगस्त के बीच हंगरी के बुडापेस्ट में फिल्म की शूटिंग होनी थी। लेकिन जब कंगना अपना पासपोर्ट रीन्यू कराने के लिए पासपोर्ट कार्यालय पहुंचीं तो कंगना से कहा गया कि इसके लिए कोर्ट के निर्देश की जरूरत है। जिसके बाद कंगना ने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था लेकिन कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई को 25 जून तक के लिए टाल दिया। जिसके बाद सोशल मीडिया पर कंगना ने अपना गुस्सा निकाला।












Click it and Unblock the Notifications