कंगना रनौत के जिस ऑफिस पर चला था बीएमसी का बुल्डोजर, उसको बनाया और खूबसूरत, शेयर की तस्वीर
कंगना रनौत ने ऑफिस को बनाया और खूबसूरत, शेयर की तस्वीर
नई दिल्ली। कंगना रनौत (Kangana Ranaut) के मुंबई स्थित प्रोडक्शन हाउस का एक हिस्सा तीन महीने पहले बीएमसी ने गिरा दिया था। इसको लेकर मामला कोर्ट में है और कंगना ने मुआवजे की मांग की है। इस बीच उन्होंने अपने दफ्तर, मणिकर्णिका फिल्म्स की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर कंगना ने शेयर की है। ये खूबसूरत तस्वीर उनको प्रोडक्शन हाउस के एंट्रेंस की है।

इंटीरियर डिजाइनर शबनम गुप्ता संवार रही ऑफिस को
कंगना के ऑफिस को फिर से संवारने का काम इंटीरियर डिजाइनर शबनम गुप्ता कर रही हैं। शबनम ने ही ये तस्वीर इंस्टा पर पोस्ट की है, जिसे कंगना ने शेयर किया है। कंगना ने लिखा कि इस जादूगरी के साथ उनके घर को फिर से संवारा जा रहा है।

तीन महीने पहले चला था बीएमसी का बुल्डोजर
कंगना रनौत के मुंबई स्थित ऑफिस में 9 सितंबर को बीएमसी ने तोड़फोड़ की थी। बीएमसी ने इमारत में अवैध निर्माण होने की बात कही थी। इसको लेकर कंगना ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील की थी। हाईकोर्ट ने मामले में कंगना के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा था कि बीएमसी का एक्शन दुर्भावनापूर्ण रवैये से किया गया है। हाईकोर्ट ने कंगना के ऑफिस के नुकसान का आकलन करने के आदेश दिए है। इस संबंध में अधिकारी मार्च 2021 तक अपनी रिपोर्ट कोर्ट को सौपेंगे। नुकसान की भरपाई के लिए एजेंसी की रिपोर्ट पर फैसला हाईकोर्ट बाद में सुनाएगा।

रविवार को ही मुंबई पहुंची हैं कंगना
कंगना रनौत रविवार को ही अपने घर हिमाचल प्रदेश से मुंभई लौटी हैं। पिछले दिनों कंगना अपने घर मनाली में रह रही थीं। इससे पहली वह अपनी अगली फिल्म 'थलाइवी' की शूटिंग के लिए मुंबई से बाहर थीं। बता दें कि फिल्मों से अलग भी कंगना रनौत चर्चा में लगातार बनी हुई हैं। बीएमसी की कार्रवाई को लेकर उनका एक तीखा टकराव शिवसेना और महाराष्ट्र सरकार से देखने को मिला था। हाल ही में किसान आंदोलन पर उन्होंने इस तरह की टिप्पणी कर दी थी कि पंजाब के कई कलाकारों ने उनकी आलोचना की थी।












Click it and Unblock the Notifications