Kamal Haasan Controversy: फिल्म बैन होने पर कमल हासन हुए भावुक, KFCC को चिट्ठी लिख कन्नड़ भाषा पर लुटाया प्यार
Kamal Haasan Controversy: एक्टर और नेता कमल हासन अपनी फिल्म और राज्यसभा उम्मीदवारी से ज्यादा चर्चा में भाषा पर दिए एक बयान की वजह से हैं। अपनी फिल्म ठग लाइफ के कर्नाटक में बैन किए जाने पर एक्टर ने कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (KFCC) के प्रेसिडेंट को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण दिया है। कर्नाटक हाई कोर्ट ने भी उन्हें फटकार लगाई है। उन्होंने पत्र में लिखा कि उनका उद्देश्य भाषाई विवाद खड़ा करना नहीं था। उनके बयान को गलत तरीके से समझा गया है।
Kamal Haasan ने KFCC को बयान पर दी सफाई
कमल हासन ने केएफसीसी के प्रेसिडेंट नरसिम्हालू को लिखे पत्र में माफी (Sorry) शब्द का इस्तेमाल नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने कहा, 'मेरे बयान को गलत समझा गया है और संदर्भ से अलग रखकर देखा जा रहा है। मेरे पूरे करियर में मुझे कन्नड़-समुदाय के लोगों से भरपूर प्यार मिला है और मैं उसके लिए दिल से शुक्रगुजार हूं। तमिल, कन्नड़, तेलुगु, मलयालम और दूसरी सभी भाषाओं के लिए मेरा प्यार और सम्मान एक समान है। मेरी मंशा किसी एक भाषा की दूसरे पर श्रेष्ठता साबित करने की नहीं थी।'
बेंगलुरु में अपनी फिल्म प्रमोशन कार्यक्रम में एक्टर कमल हासन ने कहा था कि कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल से हुआ है। इस पर बीजेपी ही नहीं कांग्रेस ने भी आपत्ति दर्ज कराई है। कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि यह बयान अज्ञानता में दिया गया है। उन्हें कन्नड़ भाषा के बारे में ज्ञान नहीं है। अब इस पूरे विवाद पर कमल हासन ने कहा कि अगर मेरी कोई गलती नहीं है, तो मैं इस पर माफ़ी नहीं मांगने वाला हूं।

Kamal Haasan ने कर्नाटक के लिए जताया अपना प्यार
पत्र के आखिरी में उन्होंने लिखा कि कर्नाटक और कन्नड़ भाषा के लिए उनका प्रेम दिल से है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गलत संदर्भों के साथ बयान को देखने की वजह से यह सारा विवाद खड़ा हुआ है। पत्र में उन्होंने लिखा, 'मुझे उम्मीद है कि यह सारी गलतफहमी थोड़े समय के लिए हुई है और जल्द ही खत्म हो जाएगी। कन्नड़ भाषा के लिए मेरा प्रेम और कर्नाटक से मिला प्यार किसी से छुपा नहीं है।'
यह भी पढ़ें: कमल हासन के एक बयान से विवादों में फंसी 'ठग लाइफ', अब हाईकोर्ट पहुंच लगाई मदद की गुहार
Kamal Haasan Controversy जानें पूरा विवाद
एक्टर कमल हासन के कन्नड़ भाषा विवाद पर काफी बवाल मच गया है। कर्नाटक में कुछ संगठनों ने उनकी फिल्म के प्रमोशन और शो रद्द करने की भी धमकी दी है। इधर कमल हासन ने इस पर सफाई देते हुए एक दिन पहले भी कहा था कि उनका बयान भाषाई श्रेष्ठता के बारे में नहीं था। उनकी टिप्पणी प्यार में कही गई थी और इसे उसी अंदाज में लिया जाना चाहिए। दरअसल अपने फिल्म प्रमोशन कार्यक्रम में उन्होंने कहा था, 'उइरे उरावे तमीज।' इसका अर्थ होता है कि मेरा जीवन और मेरा परिवार तमिल भाषा है। इसके बाद कन्नड़ एक्टर की ओर इशारा करते हुए कहा था कि आपकी भाषा कन्नड़ भी तमिल भाषा से पैदा हुई है।
'राजनेता भाषा के बारे में बात करने के लिए योग्य नहीं'
कमल हासन ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा था, 'मैंने जो कहा, वह प्यार से कहा था और बहुत से इतिहासकारों ने मुझे भाषा का इतिहास पढ़ाया है। तमिलनाडु एक ऐसा राज्य है जहां मेनन हमारे मुख्यमंत्री रहे हैं, जहां रेड्डी हमारे मुख्यमंत्री रहे हैं। राजनेता भाषा के बारे में बात करने के लिए योग्य नहीं हैं जिसमें मैं भी शामिल हूं।' बता दें कि कमल हासन जल्द राज्यसभा में भी नजर आ सकते हैं। डीएमके और कांग्रेस गठबंधन ने 19 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में एक सीट उनकी पार्टी के लिए छोड़ी है। माना जा रहा है कि हासन ही इस सीट से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
यह भी पढ़ें: Kamal Haasan Row: 'कन्नड़ भाषा तमिल से जन्मी' बयान पर बवाल तो एक्टर ने अब दी ये सफाई












Click it and Unblock the Notifications