कैराना में भाजपा कैंडिडेट मृगांका सिंह बोलीं- ईवीएम खराब होने के चलते वापस लौटे मेरे समर्थक
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट पर सोमवार को हुए उपचुनाव में ईवीएम मशीनों में खराबी को लेकर भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार मृगांका सिंह ने नाखुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि बहुत सारी जगहों पर ईवीएम मशीनें दिनभर खराब होती रहीं, जिसके चलते उनके समर्थक वोटरों को बिना मतदान किए वापस लौटना पड़ा। सिंह ने कहा कि पार्टी के लोग इसको लेकर चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे।

यूपी में एक लोकसभा सीट और एक विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में लगातार ईवीएम मशीनें खराब होने की शिकायतें पूरे दिन मिलती रहीं। सहारनपुर और मुजफ्फनगर के डीएम ने सफाई देते हुए कहा है कि भीषण गर्मी के चलते मशीनों नें गड़बड़ी आ रही है। सहारनपुर डीएम ने बताया कि बड़ी तादाद में मशीनें बदली गईं। जहां पर खराबी की सूचना आ रही हैं वहां मशीने बदली गईं।
सपा और रालोद ने भी ईवीएम में खराबी को लेकर सवाल उठाए हैं। लोकदल के मुखिया अजित सिंह इसको लेकर चुनाव आयोग में शिकायत करते आए हैं। सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि नूरपुर विधानसभा उपचुनाव में 305 मतदान केंद्रों में से 140 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की गई है। कैराना में 130 मतदान केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की गई है। सरकार की मंशा यही है कि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग ना कर पाएं।
अखिलेश यादवन ने भी ट्वीट कर ईवीएम पर सवाल किए हैं। कैराना से आरएलडी की प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने भी चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी है। तबस्सुम हसन ने कहा कि कैराना में हर जगह मशीनों से छेड़छाड़ की जा रही है। मुस्लिम और दलित बाहुल्य इलाकों में खराब मशीनों को बदला भी नहीं जा रहा है। अगर भाजपा सोचती है कि ऐसा करके वो चुनाव जीत जाएगी तो ऐसा नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications