विधायक बेटे की गुंडागर्दी पर सवाल से भड़के कैलाश विजयवर्गीय, बोले- तुम्हारी हैसियत क्या है?
भोपाल। मध्यप्रदेश के इंदौर में कैलाश विजयवर्गीय के बेटे और भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय ने क्रिकेट के बल्ले से निगम अधिकारी की बुधवार को पिटाई कर दी। विधायक बेटे की इस करतूत पर उनके पिता और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय से जब सवाल किया गया तो वे भड़क उठे। कैलाश विजयवर्गीय ने पहले तो कहा कि उनका बेटा गलत काम नहीं कर सकता, बाद में वीडियो का हवाला देने पर बीजेपी नेता पत्रकार पर भड़क गए।

सवाल पर भड़के कैलाश विजयवर्गीय
आकाश विजयवर्गीय द्वारा बैट से निगम कर्मचारी की सरेआम पिटाई करने के मामले में जब पत्रकार ने कैलाश विजयवर्गीय से पूछा कि वीडियो में दिख रहा है कि उनके बेटे (आकाश) अधिकारी की पिटाई कर रहे हैं, इस पर वो भड़क गए और उन्होंने पत्रकार से कहा कि आप जज हैं क्या? पत्रकार के बार-बार सवाल पूछने पर कैलाश विजयवर्गीय ने अपना आपा खो दिया और कहा कि तुम्हारी हैसियत क्या है?

क्रिकेट बैट से निगम अधिकारी को पीटा था
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार को इंदौर नगर निगम की टीम शहर में चिन्हित किए गए 26 अति खतरनाक मकानों में से एक गंजी कंपाउंड इलाके में मकान तोड़ने पहुंची थी। निगम की टीम को देखकर वहां रहने वाले लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया और स्थानीय विधायक आकाश को सूचना देकर मौके पर बुला लिया, इस दौरान जमकर तूतू-मैंमैं हुई और विवाद बढ़ गया। तभी विधायक अपना आपा खो बैठे और क्रिकेट बैट से निगम कर्मचारियों को पीटना शुरू कर दिया। विधायक ने अधिकारी को कई बार बैट से मारा।

बीजेपी विधायक को 11 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और उनको गिरफ्तार कर लिया गया। आकाश की गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेशी से पहले बड़ी संख्या में उनके समर्थक इकट्ठा हो गए, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया था। जबकि कैलाश विजयवर्गीय के बेटे विधायक आकाश की जमानत को कोर्ट ने खारिज कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications