ज्योति मल्होत्रा केस में RTI से बड़ा खुलासा! पाक के दानिश के बाद अब कौनसे मुख्यमंत्री के दामाद से जुड़े तार?
Jyoti Malhotra RTI News: पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के मामले में अब एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सूचना का अधिकार (RTI) के तहत मांगी गई जानकारी से पता चला है कि हरियाणा की रहने वाली ज्योति के तार केवल पाकिस्तान खुफिया एजेंसी ISI के एजेंट दानिश से ही नहीं, बल्कि एक मुख्यमंत्री के दामाद से जुड़े विभाग से भी जुड़े दिख रहे हैं। इस बीच कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ा दी है।
दैनिक भास्कर अखबार में छपी खबर के अनुसार, RTI के तहत प्राप्त दस्तावेजों से पता चला है कि ज्योति मल्होत्रा की कन्नूर-मुन्नार यात्रा को केरल सरकार के पर्यटन विभाग ने प्रायोजित किया था। यह विभाग मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के दामाद पी.ए. मोहम्मद रियास के अधीन है। भाजपा ने इस खुलासे पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि क्या एक पाकिस्तानी एजेंट को राज्य सरकार की ओर से बुलाया गया?

ज्योति मल्होत्रा केस में अगली सुनवाई 21 जुलाई को
हरियाणा के हिसार स्थित अदालत में सोमवार, 7 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ज्योति की पेशी हुई, जिसके बाद न्यायिक हिरासत को 14 दिन के लिए बढ़ा दिया गया। अब अगली सुनवाई 21 जुलाई को होगी। इससे पहले, 9 जून को उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज हो चुकी है।
ज्योति के वकील कुमार मुकेश का पक्ष
ज्योति को 17 मई 2025 को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वकील कुमार मुकेश के अनुसार, "पुलिस को 90 दिन के भीतर चालान दाखिल करना होगा, नहीं तो डिफॉल्ट बेल का अधिकार मिलेगा। FIR में खुद ज्योति से ही उसके खिलाफ बयान दिलवाया गया है, जो भारतीय कानून के मुताबिक अवैध और असंवैधानिक है।"
Who is Jyoti Malhotra: कौन हैं ज्योति मल्होत्रा?
33 वर्षीय ज्योति 'ट्रैवल विद जेओ' नामक यूट्यूब चैनल चलाती थीं। वह एक ट्रैवल व्लॉगर हैं जिन्होंने अपने चैनल पर कश्मीर से लेकर केरल और पाकिस्तान तक की यात्राओं से जुड़े वीडियो डाले हैं। उन्हें मई में हिसार के न्यू अग्रसेन एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया गया था। उन पर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज किया गया है।
Jyoti Malhotra Pakistani Link: पाकिस्तान से कनेक्शन क्या है?
पुलिस जांच में पता चला है कि ज्योति नवंबर 2023 से पाकिस्तानी उच्चायोग के कर्मचारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थीं। दानिश को 13 मई को भारत सरकार ने जासूसी के आरोप में देश से निष्कासित कर दिया था।
हालांकि पुलिस का यह भी कहना है कि ज्योति के पास कोई सैन्य या गोपनीय सुरक्षा सूचना नहीं थी, लेकिन वह जानती थीं कि जिनसे संवाद कर रही हैं, वे ISI से जुड़े हैं।

Jyoti Malhotra Case Update: RTI से क्या सामने आया?
RTI से सामने आया कि ज्योति की केरल यात्रा को राज्य सरकार ने प्रायोजित किया था, और यह उसी विभाग से जुड़ा था जिसे मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के दामाद पी.ए. मोहम्मद रियास संचालित करते हैं।
केरल भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने कहा कि "क्या यह सिर्फ इत्तेफाक है कि एक पाकिस्तानी एजेंट को राज्य सरकार के मंत्री के विभाग ने बुलाया? यह बहुत गंभीर सवाल है।" पर्यटन मंत्री रियास ने इसे राजनीतिक प्रोपेगेंडा बताया और कहा कि राज्य सरकार ने कभी किसी संदिग्ध को आमंत्रित नहीं किया।
Father: ज्योति के पिता बोले-अब लौटेगी भी तो दाग नहीं छूटेगा
ज्योति के पिता हरीश मल्होत्रा भावुक स्वर में कहते हैं कि "बेटी ढाई साल की थी, जब मां उसे छोड़कर चली गई। कोविड में नौकरी गई तो वीडियो बनाना शुरू किया। अब लोग उसे जासूस कहते हैं। अगर वो बेकसूर भी निकली, तो क्या लोग भरोसा करेंगे?" वह बताते हैं कि ''ज्योति कभी विदेश से कुछ नहीं लाती थी, सिर्फ एक बार पाकिस्तान से केक लाई थी, जो अब सवालों के घेरे में है। अब लौटेगी भी तो बदनामी का दाग हमेशा साथ रहेगा।"












Click it and Unblock the Notifications