भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद बोले जेपी नड्डा- पूरी ताकत से आगे बढ़ेंगे
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष चुने जाने के बाद जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि मुझे निर्विरोध चुना गया, इशके लिए धन्यवाद करता हूं। नड्डा ने कहा कि जिस तरह से नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने मेरे ऊपर भरोसा किया है, हम पूरी ताकत से आगे बढ़ेंगे। नड्डा ने इस दौरान कहा कि भाजपा के लिए काम करना और आज अध्यक्ष चुना जाना मेरे लिए गौरव की बात है, पार्टी के लिए जी-जान से काम करता रहूंगा।
Recommended Video

जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी की रीति-नीति के बारे में चर्चा करते हुए बताया कि हम कैसे दूसरी पार्टियों से अलग हैं। हम सिर्फ नीतियों में और नीतियों की बारीकियों में ही अलग नहीं हैं बल्कि उनके नतीजे भी अलग हैं। उन्होंने कहा, जिसको शीर्ष नेतृत्व का इतना आशीर्वाद मिला है, आप मेरा साथ है और नेतृत्व मेरा साथ है, तो मैं पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ूंगा।
जेपी नड्डा से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, एक कार्यकर्ता, लगातार जो भी उसकी शक्ति-सामर्थ है, उसे लेकर चलता रहे, जब जो जिम्मेदारी मिले उसे निभाता रहे और अपना उत्तम से उत्तम देने का प्रयास करता रहे, ये डेपी नड्डा में हमने भली-भांति देखा है। उसी विश्वास से हमें आगे बढ़ना है, नड्डा जी का नेतृत्व हमें नई प्रेरणा और ऊर्जा देगा और हम सब कार्यकर्ताओं का काम है कि नड्डा जी यशस्वी हो। जेपी नड्डा जो भी चाहे, हम उसे पूरा करके दें।
सोमवार को जेपी नड्डा को निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुना गया। वह तीन साल तक इस पद पर रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्टी मुख्यालय से हुई। संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के प्रभारी भाजपा नेता राधामोहन सिंह ने पार्टी मुख्यालय में इसकी घोषणा की। निवर्तमान अध्यक्ष अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नड्डा को बधाई दी। नड्डा इससे पहले पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications