'राहुल गांधी का अहंकार बड़ा और समझ छोटी है...,' कोर्ट के फैसले के बाद JP नड्डा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
जेपी नड्डा ने कहा कि, राहुल गांधी को तथ्यों से परे मनगढ़ंत आरोप लगाने की आदत है, कोर्ट ने राहुल को ओबीसी समाज के प्रति आपत्तिजनक बयान के लिए सजा सुनाई। लेकिन राहुल लगातार ओबीसी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं।

Delhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 'मोदी सरनेम' वाले मानहानि केस में सूरत की एक कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई है। इसके बाद से विपक्ष और सत्तापक्ष में आरोप-प्रत्यारोप को लेकर जुबानी जंग शुरू हो गई है। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मामले में ओबीसी समुदाय के अपमान को लेकर कांग्रेस नेता का जमकर घेराव किया है। उन्होंने राहुल गांधी के आपत्तिजनक बयान को राहुल और कांग्रेस पार्टी का अहंकार बताया है।
ओबीसी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं राहुल गांधी- जेपी नड्डा
जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, 'कांग्रेस नेता राहुल गांधी को तथ्यों से परे मनगढ़ंत आरोप लगाने की आदत है, कल सूरत की अदालत ने राहुल को ओबीसी समाज के प्रति आपत्तिजनक बयान के लिए सजा सुनाई। लेकिन राहुल और कांग्रेस पार्टी अपने अहंकार के कारण अभी भी अपने बयान पर अड़े हुए हैं और लगातार ओबीसी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। ओबीसी समुदाय राहुल से इस अपमान का लोकतांत्रिक तरीके से बदला लेगा।'
'राहुल गांधी ने कोर्ट को किया नजरअंदाज'
उन्होंने आगे लिखा कि, राहुल गांधी का अहंकार बहुत बड़ा और समझ बहुत छोटी है। अपने राजनीतिक लाभ के लिए उन्होंने पूरे OBC समाज का अपमान किया। उन्हें चोर कहा। समाज और कोर्ट के द्वारा बार-बार समझाने और माफी मांगने के विकल्प को भी उन्होंने नजरअंदाज किया और लगातार OBC समाज की भावना को ठेस पहुंचाई।
राहुल गांधी को मनगढ़ंत आरोप लगाने की आदत
जेपी नड्डा ने कहा कि, 'कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को तथ्यों से परे और मनगढ़ंत आरोप लगाने की आदत है। 2019 लोकसभा चुनाव के पहले राहुल ने राफ़ेल के नाम पर देश को भ्रमित करने की कोशिश की। जिसको लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई और राहुल गांधी को मनगढ़ंत आरोप के लिए बिना शर्त माफ़ी मांगनी पड़ी थी।'
क्या था पूरा मामला
दरअसल, सूरज कोर्ट ने राहुल गांधी को चार साल पुराने मानहानि मामले में दो साल की सजा सुनाई है। राहुल ने 2019 में कर्नाटक में एक चुनावी रैली के दौरान मोदी सरनेम को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। कांग्रेस नेता ने एक जनसभा में अपने संबोधन के दौरान कहा था कि सभी चोरों का समान उपनाम मोदी ही कैसे है? और कितने मोदी निकलेंगे? कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को सजा मिलने के बाद कांग्रेस ने अपने नेताओं की कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर अहम बैठक बुलाई है।












Click it and Unblock the Notifications