Jio Phone का प्रॉडक्शन बंद? रिलायंस ने जवाब तो दिया पर उलझे रह गए ये 3 सवाल
हाल ही में खबरें आ रहीं थीं कि रिलायंस Jio अपने वॉल्ट सपोर्टिंग फोन को बंद कर रही हैं। एक वेबसाइट के अनुसार कंपनी इन मोबाइल फोन की बिक्री बंद कर स्मार्टफोन लाने की तैयारी में है ताकि वोडाफोन-एयरटेल को टक्कर दे सके। इसके ठीक बाद कंपनी ने स्टेटमेंट जारी कर इन सभी खबरों को नकार दिया है।
नई दिल्ली। हाल ही में खबरें आ रहीं थीं कि रिलायंस Jio अपने वॉल्ट सपोर्टिंग फोन को बंद कर रही हैं। एक वेबसाइट के अनुसार कंपनी इन मोबाइल फोन की बिक्री बंद कर स्मार्टफोन लाने की तैयारी में है ताकि वोडाफोन-एयरटेल को टक्कर दे सके। इसके ठीक बाद कंपनी ने स्टेटमेंट जारी कर इन सभी खबरों को नकार दिया है। Jio ने साफ किया है कि वो अपने मोबाइल फोन के अगले बैच की प्री-बुकिंग जल्द ही लेगा। Jio के बयान ने कुछ चीजें तो साफ कर दी हैं, लेकिन कई सवाल हैं जिनके जवाब अब भी कंपनी ने नहीं दिए हैं।

फोन के प्रोडक्शन बंद होने की खबरों पर रिलायंस Jio ने अपना बयान जारी कर कहा, 'इंडिया का स्मार्टफोन जियो देश के डिजिटल दृष्टि को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। Jio शुरुआती 6 मिलियन भारतीयों का स्वागत किया है जो इसके साथ डिजिटल जीवन में जा रहे हैं। हम जल्द ही अगले जियोफोन बुकिंग की तारीख की घोषणा करेंगे।'
कंपनी के इस गोलमोल जवाब से ज्यादा चीजें साफ नहीं हुई हैं। मसलन क्या Jio ने वॉल्ट सपोर्टिंग फोन का प्रोडक्शन बंद कर दिया है? क्या रिलायंस मार्केट में एंड्रॉयड फोन लाने की तैयारी में है? और क्या रिलायंस वॉल्ट को बंद करके स्मार्टफोन लाएगा या, दोनों फोन मार्केट में रहेंगे?
1- क्या Jio ने वॉल्ट सपोर्टिंग फोन का प्रोडक्शन बंद कर दिया है?
रिलायंस ने अपने स्टेटमेंट में ये क्लीयर नहीं किया है कि उसने वॉल्ट सपोर्टिंग फोन का प्रोडक्शन रोका है या नहीं। कंपनी ने कहा कि वो जल्द ही अगले बैच की प्री-बुकिंग तारीखों का ऐलान करेगी। इससे ये बात तो साफ है कि मार्केट में फोन आने बंद नहीं होंगे, लेकिन ग्राहकों को फोन मिलने की देरी ने ये सवाल जरूर खड़ा कर दिया है। कंपनी ने अगस्त में फोन की प्री-बुकिंग ली थी और अभी तक ये ऑर्डर पूरे नहीं हो पाए हैं। इसके बाद कंपनी ने दोबारा फोन की बुकिंग नहीं ली।
2- क्या रिलायंस मार्केट में Jio एंड्रॉयड फोन लाने की तैयारी में है?
मार्केट में मात्र 1500 रुपये में 4G फोन लाकर रिलायंस Jio ने एक क्रांति सी खड़ी कर दी है लेकिन इसमें एक खामी भी है। KaiOS पर चलने वाला ये फोन 4G तो है लेकिन इसमें फेसबुक और व्हाटसेप जैसी पॉपुलर सोशल मीडिया साइट्स नहीं चल सकतीं। और Jio को टक्कर देने के लिए एयरटेल और वोडाफोन जैसी कंपनियां भी मैदान में उतर गई हैं। एयरटेल ने कार्बन के साथ मिलकर एंड्रॉयड स्मार्टफोन लॉन्च किया है जिसकी कीमत 1399 रुपये है। वोडाफोन भी माइक्रोमैक्स के साथ सस्ता स्मार्टफोन लाने की पूरी तैयारी में है। ऐसे में अगर ये फोन चल निकलते हैं तो Jio को तगड़ा झटका लग सकता है। ऐसे में हो सकता है कि अपनी सत्ता बचाने के लिए रिलायंस Jio जल्द ही बाजार में एंड्रॉयड स्मार्टफोन ले आए।
3- क्या रिलायंस वॉल्ट को बंद करके स्मार्टफोन लाएगा या, दोनों फोन मार्केट में रहेंगे?
कंपनी के जवाब से न तो ये साफ पता लगा है कि वॉल्ट फोन बंद होगा या नहीं और न ही एंड्रॉयड फोन को लेकर कुछ साफ है। इसलिए तीसरा सवाल खड़ा हो जाता है कि अगर कंपनी एंड्रॉयड फोन लाने की तैयारी में है तो क्या उसके आते ही वॉल्ट फोन बंद हो जाएगा। या फिर दोनों फोन मार्केट में साथ रहेंगे। इन सभी सवालों के जवाब क्या हैं, ये तो आने वाले समय में ही साफ होगा। लेकिन इस बीच ग्राहकों की बल्ले-बल्ले जरूर हो जाएगी। मार्केट में कई सस्ते 4G फोन जो आने की तैयारी में हैं।












Click it and Unblock the Notifications