झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम नरसंहार मामले में पुलिस ने 15 आरोपियों को किया गिरफ्तार
Recommended Video
रांची। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के बुरुगुलीकेरा गांव में बीते रविवार को हुए सात लोगों की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 और लोगों की गिरफ्तारी की है। सभी 12 लोगों को चाईबासा में सात ग्रामीणों की हत्या की साजिश में शामिल होने के शक में गिरफ्तार किया गया है। अब तक इस मामले में कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरफ्तार किए गए सभी 15 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चाईबासा इलाके के बुरुगुलीकेरा गांव में 7 ग्रामीणों की हत्या के मामले में एसआईटी जांच के आदेश दे दिए हैं। ये ग्रामीण पत्थलगड़ी आंदोलन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने 22 जनवरी की सुबह गांव से तीन किलोमीटर दूर जंगल से इनके शव बरामद किए थे।
बुधवार को डीजीपी और दूसरे अधिकारियों से साथ हाई लेवल मीटिंग के बाद सीएम सोरेन ने एसआईटी जांच के आदेश दिए थे। उन्होंने कहा था कि सरकार किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं देती। कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं, लेकिन सरकार सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि कानून सबसे ऊपर है और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी। जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर बुरुगुलीकेरा गांव में सात ग्रामीणों की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।
ADG Operations, M L Meena: 15 accused arrested in connection with the brutal murder of seven persons in Chaibasa, #Jharkhand. All of them have been sent to judicial custody. Further investigation underway. pic.twitter.com/QYnjhUpcE6
— ANI (@ANI) January 26, 2020
इस घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि पत्थलगड़ी आंदोलन के समर्थकों और विरोधियों के बीच झड़प हुई थी। इसके बाद पत्थलगड़ी आंदोलन के समर्थकों के घर पर हमला किया गया था। वहीं, मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों ने कहा है कि उन्हें निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने पत्थलगड़ी समर्थकों की बात करने से इनकार कर दिया था। बता दें कि ये पूरा इलाका नक्सल प्रभावित है।












Click it and Unblock the Notifications