Jeet Adani Diva Wedding: 'चकाचौंध से दूर, सादगी भरी रस्में', जीत अडानी ने दिवा संग रचाई शादी, देखें तस्वीरें
Jeet Adani Diva Shah Wedding: अरबपति कारोबारी गौतम अडानी के छोटे बेटे जीत अडानी, दिवा जैमिन शाह के साथ सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंध गए। ये विवाह समारोह अहमदाबाद में सादगी से संपन्न हुआ, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य और कुछ खास दोस्त ही शामिल हुए।

जीत और दिवा की सगाई इसी साल 14 मार्च को हुई थी, और अब कुछ महीनों बाद ही दोनों ने एक नई जिंदगी की शुरुआत की है। गौतम अडानी ने अपने बेटे और बहू की खूबसूरत तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जिससे उनकी खुशी साफ़ झलक रही है। पूरा परिवार इस नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दे रहा है।
सादगी से भरी रस्में, छोटा सा आयोजन
गौतम अडानी ने ट्वीट पर शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ''परमपिता परमेश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा आज विवाह के पवित्र बंधन में बंध गए। यह विवाह आज अहमदाबाद में प्रियजनों के बीच पारंपरिक रीति रिवाजों और शुभ मंगल भाव के साथ संपन्न हुआ। यह एक छोटा और अत्यंत निजी समारोह था, इसलिए हम चाह कर भी सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके, जिसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूँ। मैं आप सभी से बेटी दिवा और जीत के लिए स्नेह और आशीष का हृदय से आकांक्षी हूँ।''
सादगी और पारंपरिक तरीके से शादी
गौतम अडानी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि यह शादी बेहद साधारण और पारंपरिक तरीके से होगी। इसमें कोई फिल्मी चकाचौंध या ग्लोबल सेलिब्रिटी की मौजूदगी नहीं होगी। गौतम अडानी ने कहा कि उनकी परवरिश एक आम परिवार जैसी रही है, और वह चाहते हैं कि यह शादी उसी सादगी के साथ संपन्न हो, जैसे उनका जीवन रहा है। यह बयान सामने आने के बाद से उन अफवाहों का अंत हो गया था, जिनमें दावा किया जा रहा था कि इस शादी में बड़े-बड़े फिल्मी सितारे और ग्लोबल हस्तियां शामिल हो सकती हैं।
शादी में कितने मेहमान हुए शामिल?
जीत और दिवा का विवाह बेहद ही सादगी से संपन्न हुआ है, जिसमें भारतीय संस्कृति और परंपरा की पूरी झलक देखने को मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, शादी में केवल 300 लोगों को बुलाया गया। कोई भी बड़े सेलिब्रिटी या विदेशी मेहमान को शादी में नहीं बुलाया गया। शादी का आयोजन एक साधारण लेकिन भव्य रूप में किया गया।
भारतीय परंपराओं की झलक
जीत और दिवा की शादी में भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अद्भुत मेल देखने को मिला। इस शादी में भारत के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों और कारीगरों की उपस्थिति समारोह को और खास बनाया। इसके अलावा, मेहमानों के लिए पैठणी साड़ियां नासिक और महाराष्ट्र के कारीगरों द्वारा तैयार की गईं। साथ ही, जोधपुर के बीबाजी चूड़ी वाले की पारंपरिक चूड़ियां भी इस शादी के उत्सव में चार चांद लगा दिए।
दिव्यांगों के लिए खास पहल
जीत अडानी और दिवा शाह की शादी में एक खास पहल गई। इस शादी के मौके पर 'फैमिली ऑफ डिसेबल्ड (एफओडी)' नामक एक एनजीओ द्वारा शॉल तैयार किए, जिनमें फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की मदद ली गई। इसके अलावा, यह एनजीओ हाथ से बनाए गए कांच के बर्तन, प्लेट और अन्य उपहार भी शादी दिए गए। यह पहल जीत अडानी के उस विचार का हिस्सा है, जो वह दिव्यांगजनों के प्रति अपनी सहानुभूति और मदद के लिए हमेशा काम करते आए हैं।
इसके अलावा, जीत और दिवा ने यह भी संकल्प लिया है कि वे हर साल 500 दिव्यांग महिलाओं की शादी के लिए 10 लाख रुपये का योगदान करेंगे। इस पहल का शुभारंभ 21 नवविवाहित दिव्यांग जोड़ों से मुलाकात कर किया गया था।
कौन हैं जीत अडानी और दिवा शाह?
जीत अडानी, अडानी ग्रुप के संस्थापक गौतम अडानी के छोटे बेटे हैं। वह अडाणी एयरपोर्ट्स के निदेशक भी हैं और उन्होंने 2019 में अडाणी ग्रुप में अपनी यात्रा शुरू की थी। जीत पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय से स्नातक हैं और एक प्रशिक्षित पायलट भी हैं। वहीं, दिवा शाह एक प्रतिष्ठित हीरा व्यापारी जैमिन शाह की बेटी हैं। उनका परिवार मीडिया से दूर रहता है, जिस वजह से दिवा शाह का निजी जीवन काफी गोपनीय रहता है।












Click it and Unblock the Notifications