तेजप्रताप के तलाक पर जेडीयू की नसीहत, भरत की तरह बड़े भाई को घर लाने की कोशिश करें तेजस्वी
नई दिल्ली। पत्नी से तलाक की अर्जी देने के बाद तेज प्रताप यादव घर नहीं जा रहे हैं, जिसको लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने तेजस्वी यादव को नैतिकता का पाठ पढ़ाया है। जदयू ने तेजस्वी यादव को रामचरितमानस की याद दिलाते हुए उन्हें श्रीराम के भाई भरत से सीख लेने की नसीहत दी है। जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि सत्ता जाने के बाद भी तेजस्वी यादव की आत्मा नहीं जागी है। उन्हें अब अपने बड़े भाई से आंख मिलाने में डर लगता है।

'भरत की तरह बड़े भाई को घर लाएं तेजस्वी'
नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव को नसीहत देते हुए कहा, 'याद कीजिए जब भरत को अयोध्या का राजा बनाया गया था, उस वक्त वे वनवास गए बड़े भाई राम को वापस लाने के लिए चले गए थे।' उन्होंने कहा कि यही नैतिकता है, एक कोशिश तो कीजिए। बता दें कि तलाक की अर्जी पर सुनवाई के दौरान तेज प्रताप पटना तो गए थे लेकिन वे अपने घर नहीं पहुंचे।

तेजप्रताप यादव नहीं जा रहे अपने घर
तलाक की अर्जी देने के बाद वे काशी, मथुरा, वृंदावन घूम चुके हैं। खबर है कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव इन दिनों पटना में ही हैं, लेकिन घरवालों से नाराजगी के कारण वे घर नहीं जा रहे हैं। पिछले दिनों तेजप्रताप के पटना के एक होटल में ठहरे होने की खबर भी आई थी।

तेज प्रताप ने पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की दी है अर्जी
तेज प्रताप ने अपनी पत्नी ऐश्वर्या से तलाक की अर्जी देने के बाद घरवालों से दूरी बना ली है। वे अपने घर नहीं जाते हैं, उनको घर लाने की कई बार कोशिश की जा चुकी है लेकिन वे घरवालों की कोई बात सुनने को तैयार नहीं हैं। वे पत्नी से तलाक की अर्जी देने के बाद इससे पीछे हटना नहीं चाहते हैं। तेज प्रताप ने कहा था कि ऐश्वर्या राय के साथ रहना मुश्किल है और वे घुट-घुट कर जीना नहीं चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications