3 जून को होगी मोदी-जयललिता की अहम मुलाकात, राज्य से जुड़े मुद्दों पर सौंपेंगी ज्ञापन

उल्लेखनीय है कि जयललिता नरेन्द्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आईं थीं। तमिलनाडु राज्य सरकार की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि जयललिता मोदी से 3 जून को नई दिल्ली में उनके साउथ ब्लॉक स्थित कार्यालय में मुलाकात करेंगी। राज्य के लिए केंद्र से राहत पैकेज की जयललिता की मांग समेत कई मुद्दों की ओर संकेत देते हुए विज्ञप्ति में कहा गया कि इस ज्ञापन में तमिलनाडु से जुड़े कुछ अहम मुद्दे शामिल होंगे, जो भारत सरकार के पास लंबित पड़े हुए हैं।
उन्होंने सबसे पहले यह मुद्दा विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के समक्ष वर्ष 2011 में उठाया था और उसके बाद से वह इस मांग के लिए दबाव बनाती रही हैं। विज्ञप्ति में कहा गया कि ज्ञापनपत्र में कुछ ऐसे मुद्दों को भी रेखांकित किया जाएगा, जिन पर ‘राज्य के वैध हितों की रक्षा के लिए और राज्य को तीव्र विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए' केंद्र की ओर से तत्काल ध्यान दिया जाना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications