जम्मू-कश्मीरः शोपियां में सेना के कैंप पर आतंकी हमला, जवाबी फायरिंग में 4 की मौत
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में रविवार शाम को सेना के कैंप पर आतंकी हमला हुआ। आतंकी हमला पाहनू इलाके में सेना के 44 राष्ट्रीय राइफल्स कैंप पर हुआ है। मारे गए आतंकी की पहचान हो गई है। उसका नाम शाहिद अहमद डार था और वह शोपियां के जामनगरी इलाके का रहने वाला था। 1 आतंकी के बाद सेना की कार्रवाई में तीन और लोगों की मौत हुई। सेना कहना है कि मारे गए तीनों लोग आतंकी के मददगार थे, वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि ये आम नागरिक थे। इस एनकाउंटर के बाद स्थानीय इलाके में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

आतंकियों की फायरिंग के जवाब में सेना के जवानों की जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी भी मारा गया है। बताया जा रहा है कि सेना की कार्रवाई के बाद बाकी आतंकी भागने में सफल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों ओर से गोलीबारी अभी जारी है। अब तक सेना की ओर से किसी भी प्रकार के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
इससे पहले शनिवार देर रात भी पूंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगे गांवों में पाकिस्तान की ओर से भारी गोलीबारी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, भारतीय सेना ने भी ताबड़तोड़ जवाब दिया था। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने रविवार को कहा, "पाकिस्तानी सेना ने बालाकोट सेक्टर में अकारण भारी गोलीबारी और गोलाबारी की।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तानी सेना ने सैन्य और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाते हुए छोटे और स्वचालित हथियारों व मोर्टारों का इस्तेमाल किया।" सूत्र ने कहा कि गोलीबारी करीब दो घंटे तक जारी रही। भारतीय पक्ष में किसी के हताहत होने या कोई नुकसान होने की खबर नहीं है। ऐहतियात के तौर पर पुंछ और राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा के पास स्थित सभी स्कूलों को सोमवार तक बंद कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications