Jagannath Rath Yatra Photos: पुरी से उमड़ा आस्था का समंदर, देखिए जगन्नाथ रथयात्रा की झलकियां!
Jagannath Rath Yatra 2025: देशभर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आस्था, श्रद्धा और सेवा भावना की मिसाल बनकर सामने आई। ओडिशा के पुरी में जहां लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच भाजपा युवा मोर्चा के करीब 1500 स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर एंबुलेंस को सुरक्षित रास्ता दिया, वहीं गुजरात के अहमदाबाद में रथयात्रा के दौरान एक हाथी के बेकाबू होने से अफरा-तफरी मच गई।
पुरी में सेवा का अद्भुत दृश्य
पुरी में शुक्रवार शाम करीब 4 बजे भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। सबसे पहले भगवान बलभद्र का रथ खींचा गया, इसके बाद देवी सुभद्रा और अंत में भगवान जगन्नाथ के रथ खींचे गए। पहले दिन रथ केवल कुछ दूरी तक ही खींचे गए क्योंकि सूर्यास्त के बाद यह परंपरा रोक दी जाती है।

इस दौरान जब एक एंबुलेंस श्रद्धालुओं की भारी भीड़ में फंस गई, तब भाजपा युवा मोर्चा के 1500 कार्यकर्ताओं ने त्वरित मानव श्रृंखला बनाकर रास्ता साफ किया और आपातकालीन सेवा के लिए मार्ग प्रदान किया। यह दृश्य जनसेवा और अनुशासन का प्रतीक बन गया।
शनिवार को गुंडीचा मंदिर पहुंचेंगे भगवान
शनिवार को रथयात्रा फिर शुरू होगी और भगवान जगन्नाथ अपने भाई-बहन के साथ करीब 3 किमी दूर स्थित गुंडीचा मंदिर पहुंचेंगे। वहां वे 9 दिन तक अपनी मौसी के घर विश्राम करेंगे और 5 जुलाई को वापस मुख्य मंदिर लौटेंगे।








अहमदाबाद में रथयात्रा के दौरान अफरा-तफरी
उधर, गुजरात के अहमदाबाद में रथयात्रा शुक्रवार को पूरे उत्साह के साथ निकाली गई। सुबह 4 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगल आरती की और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रथयात्रा की शुरुआत की। लेकिन यात्रा के दौरान एक अप्रत्याशित घटना घट गई। सुबह करीब 10 बजे एक हाथी, जो 17 हाथियों के समूह में सबसे आगे था, अचानक बेकाबू हो गया और करीब 100 मीटर तक दौड़ता रहा। इससे श्रद्धालुओं में भगदड़ की स्थिति बन गई। हालांकि हाथी को तुरंत काबू में कर लिया गया, लेकिन इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया।












Click it and Unblock the Notifications