दिल्ली यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष जैन-ए-आलम को पाकिस्तान डे पर मिला निमंत्रण
नई दिल्ली: पाकिस्तान डे के अवसर पर दिल्ली यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष जैन-ए-आलम को पाकिस्तान के उच्चायोग ने निमंत्रण भेजा है। 23 मार्च को पाकिस्तान डे मनाया जाता है। दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए पाकिस्तान उच्चायोग ने निमंत्रण भेजा है। इस निमंत्रण पर जैन-ए-आलम ने कहा कि हम इस पर देश के फैसले के साथ हैं। हम पाकिस्तान के नेशनल डे का बहिष्कार करेंगे। यदि हमारी सरकार कहती है कि हमें नहीं जाना है तो हम पाकिस्तान दूतावास नहीं जाएंगे।

इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने ट्वीट कर कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान के नेशनल डे के मौके पर पाकिस्तान की जनता को बधाई दी है। इमरान खान ने बताया कि पीएम मोदी ने पाकिस्तान की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल के लिए उप महाद्वीप के लोग एक साथ आएं, जहां हिंसा और आतंक के लिए कोई जगह ना हो। गौरतलब है कि पुलवामा आतंकी हमले के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव चल रहा है। भारत ने पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में कड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में घुसकर जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसके बावजूद पाकिस्तान अपनी नाकाम हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। वो सीमा पर लगातार सीजफायर तोड़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications