बीएसएफ टॉपर को आतंकियों से मिली जान की धमकी, केंद्रीय मंत्री से लगाई गुहार
जम्मू के रहने वाले नबील अहमद वानी पिछले वर्ष बीएसएफ सहायक कमांडेंट (वर्क्स) की अखिल भारतीय परीक्षा टॉप किया था। उन्होंने बताया कि उनकी बहन चंडीगढ़ में सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा हैं।
नई दिल्ली। कश्मीर घाटी में लेफ्टिनेंट उमर फैयाज की हत्या के बाद अब आतंकियों के हौंसले इसकदर बढ़ गए हैं कि उन्होंने बीएसएफ की भर्ती परीक्षा में कश्मीरी टॉपर जम्मू के असिस्टेंट कमांडेंट को धमकी दी है। आतंकियों ने धमकाते हुए कहा है कि या तो वो बीएसएफ की नौकरी छोड़ दें, नहीं तो जान देने के लिए तैयार रहें। कश्मीरी टॉपर नबील अहमद वानी बीएसएफ में सहायक कमांडेंट पद पर हैं। उन्होंने सरकार को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि उन्हें और उनकी बहन को आतंकियों की ओर से धमकियां दी जा रही हैं।

केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी को लिखा पत्र
जम्मू के रहने वाले नबील अहमद वानी पिछले वर्ष बीएसएफ सहायक कमांडेंट (वर्क्स) की अखिल भारतीय परीक्षा टॉप किया था। उन्होंने बताया कि उनकी बहन चंडीगढ़ में सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा हैं। वो यहां एक छात्रावास में रहती हैं लेकिन अब कॉलेज प्रशासन उन्हें कहीं और भेजना चाहता है।
नबील अहमद वानी ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी को इस संबंध में रविवार (14 मई) को एक पत्र भेजा है। जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अपनी बहन निदा रफीक के लिए छात्रावास मुहैया कराने का आग्रह किया है। ग्वालियर के पास स्थित टेकनपुर में बीएसएफ प्रशिक्षण अकादमी से फोन पर वानी ने बताया कि उनकी बहन इस बात को लेकर चिंतित है कि कश्मीरी होने की वजह से उसे कहीं भी रहने का ठिकाना नहीं मिलेगा। खास तौर से उसे मेरी पृष्ठभूमि को लेकर भी डर है। उन्होंने बताया कि ये निजी मामला है जिसमें मैं बीएसएफ को शामिल नहीं करना चाहता। ऐसे में मैंने मंत्री को पत्र भेजा है।












Click it and Unblock the Notifications