विदेश से आते ही वैज्ञानिकों से मिलने पहुंचे PM तो खुश हुई चंद्रयान-3 की टीम, ISRO ने ट्वीट कर कही ये बात
PM Modi ISRO: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह बेंगलुरु में इसरो के नेटवर्क कमांड सेंटर पहुंचे और यहां चंद्रयान-3 के मिशन में शामिल वैज्ञानिकों से मुलाकात की। दक्षिण अफ्रिका और ग्रीस से पीएम मोदी सीधे बेंगलुरु पहुंचे और चंद्रयान-3 की सफलता के लिए वैज्ञानिकों को धन्यवाद दिया।
चंद्रयान-3 पर पीएम मोदी की शाबाशी पाकर ISRO के वैज्ञानिक गदगद हुए। इसरो ने ट्वीट कर इस खुशी को जाहिर करते हुए लिखा, ''धन्यवाद, भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी।''

पीएम मोदी से मिलने के बाद क्या बोले इसरो के वैज्ञानिक?
इसरो के CBPO निदेशक सुधीर कुमार एन ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी भारत पहुंचते ही व्यक्तिगत रूप से यहां आए। उन्होंने कहा कि वह जल्द से जल्द हमसे मिलना चाहते थे। इससे ज्यादा हम क्या उम्मीद कर सकते हैं। उन्होंने चंद्रयान-3 प्वाइंट को 'शिवशक्ति' प्वाइंट और चंद्रयान-2 प्वाइंट को 'तिरंगा' नाम दिया है। उन्होंने 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की भी घोषणा की। यह सफलता का जश्न मनाने के लिए है ताकि आने वाली पीढ़ियां इसे याद रख सकें। हम बहुत खुश हैं।''
इसरो की महिला वैज्ञानिक आरती सेन ने कहा, ''चंद्रयान-3 गगनयान के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है...गगनयान के लिए हमारा काम चल रहा है। मार्क 3 पूरी तरह से तैयार है। गगनयान के परिणाम जल्द ही देखे जा सकेंगे। हमें मार्क 3 को और अधिक शक्तिशाली बनाने की जरूरत है और प्रक्रिया जारी है।हम गगनयान के लिए भी सभी का समर्थन चाहते हैं।''
यू आर राव सैटेलाइट सेंटर में कार्यरत प्रियंका मिश्रा ने कहा, "हम बेहद उत्साहित हैं। हमें लगा कि हमारी उपलब्धियों को मान्यता दी जा रही है। हम पीएम मोदी से मिलने के लिए बेहद उत्साहित थे। यह अच्छा है कि हमारे प्रधानमंत्री 'नारी शक्ति' को पहचान रहे हैं और प्रोत्साहित कर रहे हैं। यह एक हमारे लिए प्रेरणा है।''
पीएम मोदी से मुलाकात पर इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक रेड्डी सरिता ने कहा, "हमें गर्व महसूस हो रहा है, यह हम सभी के लिए एक अच्छा अनुभव था..."
यू आर राव सैटेलाइट सेंटर की वरिष्ठ वैज्ञानिक डैफिनी ने कहा, "प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करना हमारे लिए एक सुखद क्षण है। उन्होंने विशेष रूप से महिला वैज्ञानिकों से बात की..."












Click it and Unblock the Notifications