IRCTC Down: 'कृपया बाद में प्रयास करें', IRCTC की वेबसाइट डाउन, अधर में टिकट बुकिंग! जानें कब ठीक होगी समस्या?
IRCTC Website Down: सोचिए, आप सुबह जल्दी उठकर ट्रेन की टिकट बुक करने बैठे हैं, लेकिन स्क्रीन पर लिखा आता है, "कृपया बाद में प्रयास करें।" ऐसा ही हाल कई यात्रियों का हुआ, जब IRCTC की वेबसाइट और ऐप तकनीकी दिक्कतों के कारण ठप हो गई। इस समस्या के पीछे का कारण मेंटेनेंस बताया जा रहा है, जिसकी वजह से एक घंटे तक ई-टिकटिंग सेवा बंद रही।
IRCTC ने जानकारी दी कि वेबसाइट पर मेंटेनेंस का काम चल रहा था। उन्होंने यात्रियों से कहा कि कृपया कैसिलेशन या अन्य समस्याओं के लिए हमारे हेल्पलाइन नंबर 14646, 0755-6610661 और 0755-4090600 पर संपर्क करें, या [email protected] पर ईमेल करें।

यात्रियों को हो रही है दिक्कतें
तकनीकी समस्या के कारण कई लोग वेबसाइट तक पहुंच नहीं पा रहे हैं। डाउन डिटेक्टर के अनुसार, 50 फीसदी उपयोगकर्ताओं ने वेबसाइट एक्सेस करने में परेशानी बताई, जबकि 40% ने ऐप और 10% ने टिकट बुकिंग में दिक्कत का सामना किया। इस समस्या की शुरुआत सुबह 10 बजे के आसपास हुई।
यात्रियों ने शिकायत की कि वे:
- लॉग इन नहीं कर पा रहे थे।
- ट्रेन शेड्यूल और किराए की जानकारी नहीं देख पा रहे थे।
- बुकिंग प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे थे।
सोशल मीडिया पर लोगों ने जाहिर की नाराजगी
यात्रियों ने एक्स (पहले ट्विटर) का सहारा लिया और IRCTC को उनकी परेशानियों के बारे में बताया। कुछ यात्रियों ने लिखा कि पिछले 3 दिनों से ऐप काम नहीं कर रहा है। IRCTC को जल्द समाधान करना चाहिए।"
IRCTC का 'सुपर ऐप' जल्द
भारतीय रेलवे "सुपर ऐप" पर काम कर रहा है, जो दिसंबर तक लॉन्च होने की उम्मीद है। यह ऐप यात्रियों को टिकट बुकिंग, ट्रेन ट्रैकिंग और प्लेटफॉर्म पास जैसी सुविधाएं एक ही जगह पर देगा। इस ऐप को सेंटर फॉर रेलवे इनफार्मेशन सिस्टम्स (CRIS) द्वारा तैयार किया जा रहा है।
IRCTC का आर्थिक प्रदर्शन
IRCTC ने इस साल की दूसरी तिमाही में ₹305.50 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया। इंटरनेट टिकटिंग से कंपनी का लाभ ₹300.54 करोड़ रहा, जो पिछले साल ₹274.15 करोड़ था। हालांकि, पर्यटन व्यवसाय में ₹3 करोड़ का घाटा हुआ।
समाधान की उम्मीद
यात्रियों की बढ़ती शिकायतों के बीच IRCTC से उम्मीद है कि वह अपनी सेवाओं को जल्द ही सामान्य करेगा। मेंटेनेंस जरूरी है, लेकिन यह सुनिश्चित करना भी उतना ही अहम है कि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।












Click it and Unblock the Notifications