'...हम आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई को समझते हैं', पाक में ईरान के हमले पर भारत
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में छिपे आतंकवादी समूह जैश अल-अदल के ठिकानों को ईरान ने एयर स्ट्राइक के जरिए तबाह किया। जिसको लेकर पाकिस्तान भड़का। इसपर भारत ने बुधवार को अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भारत ने कहा कि ईरान का मिसाइल हमला एक ऐसा मुद्दा है, जो केवल उन दो देशों से संबंधित है। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने आगे यह भी कहा कि जहां तक भारत का सवाल है, आतंकवाद के प्रति हमारी नीति जीरो टॉलरेंस की है। हम आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई को समझते हैं।

आपको बता दें कि बीते दिन यानी 17 जनवरी को ईरान ने कहा कि उसने ड्रोन और मिसाइलों से पाकिस्तान में सुन्नी बलूची आतंकवादी समूह जैश अल अदल के दो ठिकानों को नष्ट कर दिया। आतंकवादी समूह ने पहले पाकिस्तान के साथ सीमा क्षेत्र में ईरानी सुरक्षा बलों पर हमला किया था। इससे पहले 15 दिसंबर को, जैश अल-अदल के कार्यकर्ताओं ने एक अन्य पुलिस स्टेशन पर हमला किया था। जिसमें 11 पुलिस अधिकारी मारे गए थे।
हमने केवल आतंकवादी समूह को निशाना बनाया: ईरान
ईरान के विदेश मंत्री होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन ने कहा कि हमने केवल पाकिस्तान की धरती पर ईरानी आतंकवादी समूह को निशाना बनाया। हम पाकिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करते हैं। लेकिन, हम राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता या खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं देते हैं।
'...गंभीर परिणाम होंगे', पाक की चेतावनी
पाकिस्तान ने कहा कि मिसाइल हमलों में दो बच्चे मारे गए और चेतावनी दी कि यह घटना पूरी तरह से अस्वीकार्य थी। इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इस्लामाबाद ने तेहरान में ईरानी विदेश मंत्रालय के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया। इसने ईरान से अपने राजदूत को भी वापस बुला लिया और सभी नियोजित उच्च-स्तरीय द्विपक्षीय यात्राओं को निलंबित कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications