IPS अधिकारी एसके सिंघल को बनाया गया बिहार का नया डीजीपी
पटना। बिहार होम गार्ड्स एंड फायर सर्विसेज के डीजी-कम-कमांडेंट जनरल एसके सिंघल राज्य के नए डीजीपी बनाए गए हैं। समय से पहले गुप्तेश्वर पांडेय के डीजीपी की कुर्सी छोड़ने के बाद एसके सिंघल पद को संभाल रहे थे। 1988 बैच के आईपीएस संजीव कुमार सिंघल अगस्त 2021 तक बने रह सकते हैं। राजनीति में जाने के चलते बिहार के डीजीपी रहे गुप्तेश्वर पांडेय ने पद छोड़ दिया था।

गुप्तेश्वर पांडेय के वीआरएस पर जाने के बाद आईपीएस अधिकारी एस के सिंघल को बिहार के डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। अब एस के सिंघल को पूर्ण कालिक डीजीपी नियुक्त कर दिया गया है। संजीव कुमार सिंघल 1988 बैच के सीनियर आईपीएस अधिकारी हैं। बिहार के डीजीपी नियुक्त होने से पहले एस के सिंघल होमगार्ड के निदेशक के रूप में कार्यरत थे।
आपको बता दें कि एस के सिंघल साल 1996 में तब सुर्खियों में आए थे जब उन पर सीवान के बाहुबली नेता शहाबुद्दीन ने हमला किया था। उस समय सिंघल सिवान में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के तौर पर तैनात थे। इस मामले में साल 2007 में एक विशेष अदालत ने बाहुबली नेता शहाबुद्दीन को तत्कालीन पुलिस अधीक्षक एसके सिंघल पर हमले के आरोप में 10 साल की सजा सुनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications